जिंक स्मेल्टर मजदूर संघ ने मनाया 61वां यूनियन दिवस

उदयपुर। जिंक स्मेल्टर मजदूर संघ की ओर से 61वां यूनियन दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय बी. चौधरी को पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद समारोह के मुख्य अतिथि अम्बालाल सालवी ने झंडारोहण किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जिंक स्मेल्टर इकाई प्रधान विवेक यादव थे।

मजदूरों की सुविधाओं को और आगे बढ़ाने पर जोर

समारोह को संबोधित करते हुए संघ के महामंत्री प्रकाश श्रीमाल ने कहा कि हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड में मजदूरों को मिलने वाली सुविधाएं देश में सबसे आगे हैं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय बी. चौधरी के सपनों को पूरा किया गया है। संगठन में एकता और मजबूती बनाए रखते हुए मजदूरों को मिल रही सुविधाओं को और आगे बढ़ाना जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने चार लेबर कोड लागू किए हैं। आने वाली समस्याओं पर मिलकर विचार करते हुए उनका समाधान करना होगा।

इकाई प्रधान विवेक यादव ने कहा कि संगठन एवं प्रबंधन के संयुक्त प्रयासों से आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि उत्पादन क्षमताओं के विस्तार के साथ सुरक्षा और पर्यावरण पर विशेष ध्यान रखा जाएगा।

चेयरमैन अवॉर्ड मिलने का उल्लेख

सभा में जिंक स्मेल्टर मजदूर संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष मांगीलाल अहीर ने कहा कि लोकतंत्र में संगठन के भीतर ‘मैं’ नहीं, बल्कि ‘हम’ की भावना से कार्य करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि जिंक स्मेल्टर देबारी को चेयरमैन अवॉर्ड मिला है। यह सम्मान यहां के मजदूरों के अनुशासन, संगठन के सहयोग, प्रबंधन के मार्गदर्शन और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के ग्रामीणों के सहयोग से प्राप्त हुआ है।

श्रमिकों ने पदाधिकारियों का किया अभिनंदन

यूनियन दिवस के मौके पर श्रमिकों की ओर से संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष मांगीलाल अहीर, संघ के महामंत्री प्रकाश श्रीमाल और देबारी इकाई प्रधान विवेक यादव को पगड़ी एवं उपरना पहनाकर अभिनंदन किया गया।

सभा का संचालन अरुण दास ने किया। अंत में “मजदूर एकता जिंदाबाद”, “जिंक स्मेल्टर मजदूर संघ जिंदाबाद” और “स्वर्गीय बी. चौधरी अमर रहे” के नारों के साथ सभा का समापन किया गया।