‘चितचोर’ की यादों में खोईं जरीना वहाब, मास्टर राजू संग तस्वीर साझा कर ताजा किए पुराने दिन

Mumbai , 12 जून . फिल्मी दुनिया में कुछ रिश्ते और यादें ऐसी होती हैं, जो समय बीतने के बाद भी लोगों के दिलों में जिंदा रहती हैं. इस कड़ी में Actress जरीना वहाब ने social media पर Actor मास्टर राजू के साथ एक तस्वीर पोस्ट की, जिसने फैंस को सीधे 1970 के दशक की यादों में पहुंचा दिया.

जरीना वहाब द्वारा साझा की गई तस्वीर में वह मास्टर राजू के साथ मुस्कुराते हुए पोज देती दिख रही हैं. तस्वीर सामने आते ही फैंस को साल 1976 की चर्चित फिल्म ‘चितचोर’ की याद आ गई. इस फिल्म में दोनों के काम को काफी पसंद किया गया था. इस तस्वीर के साथ जरीना वहाब ने कैप्शन में लिखा, ”समय भले ही लोगों को एक-दूसरे से दूर कर देता है, लेकिन दिलों का रिश्ता हमेशा बना रहता है. मेरा छोटा राजू.”

फिल्म ‘चितचोर’ की बात करें, तो इसका निर्देशन बासु चटर्जी ने किया था. इसकी कहानी बंगाली लेखक सुबोध घोष की रचना पर आधारित थी. फिल्म में सादगी, पारिवारिक रिश्तों और प्रेम को बेहद खूबसूरती से दिखाया गया था.

फिल्म की कहानी एक ऐसे परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां एक लड़की की शादी एक युवा इंजीनियर से तय की जाती है, लेकिन एक गलतफहमी के कारण परिवार किसी और युवक को वही इंजीनियर समझ बैठता है. इसी दौरान लड़की और उस युवक के बीच प्यार पनपने लगता है. बाद में एक पत्र आने के बाद कहानी में बड़ा मोड़ आता है और कई भावनात्मक घटनाएं सामने आती हैं. फिल्म में अमोल पालेकर, विजयेंद्र घाटगे, ए.के. हंगल, दीना पाठक और कई अन्य कलाकारों ने शानदार अभिनय किया था.

मास्टर राजू की बात करें तो उनका असली नाम राजू श्रेष्ठ है. उन्होंने बहुत छोटी उम्र में फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था. उन्होंने ‘अमर प्रेम’, ‘बावर्ची’, ‘परिचय’, ‘दाग’, ‘अभिमान’, ‘दीवार’, ‘चितचोर’, ‘किताब’ और ‘खट्टा मीठा’ समेत कई यादगार फिल्मों में अभिनय किया और धीरे-धीरे दर्शकों के पसंदीदा कलाकार बन गए. अपने लंबे करियर में उन्होंने करीब 200 फिल्मों और कई सीरियल्स में काम किया.

पीके/