
गोपालगंज, 6 जुलाई . बिहार के गोपालगंज जिले में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे एक युवक की दौड़ लगाने के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. घटना नगर थाना क्षेत्र स्थित तिलंगही मैदान की है. मृतक की पहचान बसडीला नवका टोला निवासी जयप्रकाश प्रसाद के इकलौते पुत्र रंजीत कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.
परिजनों के अनुसार, रंजीत कुमार पिछले कई महीनों से सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था. वह रोज की तरह Monday सुबह तिलंगही मैदान में दौड़ लगाने पहुंचा था. बताया गया कि तीन राउंड दौड़ पूरी करने के बाद उसे अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई. इसके कुछ ही क्षण बाद वह मैदान में गिरकर बेहोश हो गया. साथ में दौड़ रहे अन्य युवकों ने तत्काल उसे उठाकर गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला कार्डियक अरेस्ट का प्रतीत होता है. डॉक्टरों ने बताया कि यदि घटना के तुरंत बाद सही तरीके से सीपीआर दिया जाता तो उसकी जान बचने की संभावना हो सकती थी. चिकित्सकों ने कहा कि अचानक कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं और समय पर सीपीआर मिलने से कई मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है.
परिजनों ने बताया कि रंजीत अपने परिवार की उम्मीदों का केंद्र था और सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहता था. उसके पिता जयप्रकाश प्रसाद गोपालगंज की बड़ी बाजार में छोटामोटा काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. रंजीत परिवार का इकलौता पुत्र था, जिसकी असामयिक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन सदर अस्पताल पहुंच गए. युवक की मौत से इलाके में शोक का माहौल है. चिकित्सकों ने युवाओं से कठिन शारीरिक अभ्यास के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की अपील की है.
–
एमएनपी/डीकेपी
Skip to content