महिला विश्व कप: मेग लैनिंग हैं सबसे सफल कप्तान, चार बार ऑस्ट्रेलिया को बनाया चैंपियन

New Delhi, 10 जून . टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत 12 जून से हो रही है. इंग्लैंड में आयोजित हो रहा यह टूर्नामेंट टी20 विश्व कप का 10वां संस्करण है. पिछले 9 संस्करणों में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा रहा है. ऑस्ट्रेलिया 6 बार विजेता रही है. बतौर कप्तान मेग लैनिंग सर्वाधिक सफल रही हैं. उन्होंने अपनी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को 4 बार चैंपियन बनाया है.

सबसे पहला महिला टी20 विश्व कप 2009 में इंग्लैंड में आयोजित हुआ था. फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर इंग्लैंड चैंपियन बनी थी.

2010 में दूसरा टी20 विश्व कप वेस्टइंडीज में खेला गया था. ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता था. इस संस्करण में ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलेक्स ब्लैकवेल थीं. 2012 में खेले गए तीसरे एडिशन को भी ऑस्ट्रेलिया ने जीता था. श्रीलंका में हुए इस विश्व कप में फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराया था. इस एडिशन में ऑस्ट्रेलिया की कप्तान जोडी फील्ड्स थीं. मेग लैनिंग ने एक खिलाड़ी के रूप में ये विश्व कप खेला था.

इसके बाद ऑस्ट्रेलिया महिला टीम में कप्तान के कौर पर मेग लैनिंग का दौर शुरू हुआ. लैनिंग ने ऑस्ट्रेलिया को अपनी कप्तानी में 2014, 2018, 2020 और 2023 में टी20 विश्व कप का चैंपियन बनाया.

2014 का विश्व कप बांग्लादेश में हुआ था. ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराकर खिताब जीता था. 2018 का विश्व कप वेस्टइंडीज में हुआ था. ऑस्ट्रेलिया ने फिर इंग्लैंड को हराकर खिताब जीता था. 2020 में ऑस्ट्रेलिया ने अपने देश में आयोजित विश्व कप में India को हराकर खिताब जीता. 2023 में टी20 विश्व कप का आयोजन दक्षिण अफ्रीका में हुआ था और फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर ऑस्ट्रेलिया चैंपियन रही थी. कप्तान के रूप में लैनिंग का यह चौथा टी20 विश्व कप था. इस खिताबी जीत के बाद लैनिंग ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था.

तीन अन्य विजेताओं में इंग्लैंड (2009), वेस्टइंडीज (2016) और न्यूजीलैंड (2024) हैं.

पीएके