
न्यूयॉर्क, 18 जुलाई . फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेला जाना है. खिताबी मैच से पहले अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज का कहना है कि वह चाहते हैं कि फाइनल में उनसे ज्यादा चर्चा में टीम के अन्य स्टार खिलाड़ी रहें. उन्होंने कहा कि एक गोलकीपर का सबसे बड़ा काम टीम को भरोसा देना होता है, न कि हमेशा लाइमलाइट में रहना.
‘सिन्हुआ’ की रिपोर्ट के अनुसार, 33 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा, “मैं सुर्खियों में नहीं आना चाहता. मैं चाहता हूं कि मेरे साथी खिलाड़ी और कोच मुझ पर भरोसा करें. सुर्खियों में आने से ज्यादा मेरे लिए यह जरूरी है. मैं चाहता हूं कि मेरे साथी खिलाड़ी स्टार बनें. गोलकीपर ही एकमात्र ऐसे खिलाड़ी होते हैं जिन्हें गोल करने की जरूरत नहीं होती. उन्हें मुख्य भूमिका निभाने की जरूरत नहीं होती. हालांकि, अगर उन्हें मेरी जरूरत होगी, तो मैं उनकी मदद के लिए मौजूद रहूंगा और अगर नहीं, तो भी मैं उसी तरह जश्न मनाऊंगा.”
33 वर्षीय मार्टिनेज इस पूरे टूर्नामेंट में चोट के बावजूद खेल रहे हैं. 20 मई को फ्रीबर्ग के खिलाफ यूईएफए यूरोपा लीग फाइनल में एस्टन विला की जीत से पहले वार्मअप के दौरान उनके दाहिने हाथ की रिंग फिंगर की हड्डी टूट गई थी. अल्जीरिया के खिलाफ टीम के टूर्नामेंट के पहले मैच से कुछ दिन पहले, 12 जून को कैनसस सिटी में वह अर्जेंटीना की टीम के साथ ट्रेनिंग पर लौटे थे.
उन्होंने कहा, “अभी भी दर्द होता है. मुझे पता था कि दर्द होगा, मैंने सर्जरी से बचने की कोशिश की. मैंने इंग्लैंड, अमेरिका और अन्य देशों में हाथों के विशेषज्ञों से सलाह ली. उन्होंने कहा कि मुझे सर्जरी करानी होगी. उन्होंने मुझसे कहा कि मैं ट्रेनिंग भी नहीं कर सकता. मिस्र के खिलाफ मैच (राउंड ऑफ 16 में) के बाद मैं सामान्य रूप से ट्रेनिंग शुरू कर सका और अब मैं काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं.”
मार्टिनेज ने कहा कि इस बार दबाव में शांत रहने के लिए उन्होंने फ्रांस के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना की 2022 वर्ल्ड कप जीत के अनुभव का सहारा लिया. उन्होंने कहा, “उस फाइनल में हम 90 मिनट तक फ्रांस से पूरी तरह बेहतर थे. हालांकि, मैंने (120 मिनट में) तीन गोल खाए और जब ऐसा होता है तो आमतौर पर आप टूर्नामेंट से बाहर हो जाते हैं. मैं गोल खा सकता हूं, लेकिन अगले ही पल मैं हमेशा की तरह वही खिलाड़ी रहता हूं. मैं कोशिश करता हूं कि दबाव मुझ पर हावी न हो.” आर्सेनल के पूर्व खिलाड़ी ने कहा कि मौजूदा यूरोपियन चैंपियन के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले वह सहज महसूस कर रहे हैं.
अर्जेंटीना के गोलकीपर ने आगे कहा, “सच कहूं, तो मैं बहुत शांत महसूस कर रहा हूं. यह मेरा दूसरा मौका है. बहुत से लोग सोचते हैं कि अच्छे गोलकीपर को शानदार बचाव करने की जरूरत होती है. मगर बात इससे कहीं आगे की है. यह आपकी पोजिशनिंग, अपनी लाइन को आगे बढ़ाने और शांत रहने के बारे में है. मेरे साथी खिलाड़ी बॉल के साथ इतने अच्छे हैं कि जब वे पीछे देखते हैं तो उन्हें शांति और सुरक्षा का एहसास होता है, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकते हैं.”
Sunday के प्रतिद्वंद्वी के बारे में मार्टिनेज ने कहा कि स्पेन का खतरा सिर्फ युवा फॉरवर्ड लामिन यामल तक ही सीमित नहीं है. उन्होंने कहा, “स्पेन की टीम बहुत अच्छी है. मैं उनमें से कई को जानता हूं, क्योंकि कई प्रीमियर लीग में खेलते हैं. यह सिर्फ यामल की बात नहीं है. उनके पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो टीम के लिए खेलते हैं. वे किसी वजह से ही फाइनल में पहुंचे हैं. उनकी अपनी ताकत है और हमारी भी. मुझे उम्मीद है कि यह फाइनल फैंस के लिए यादगार रहेगा.”
–
एसएम/
Skip to content