विंबलडन: पेगुला सीधे सेटों में जीत के साथ चौथे राउंड में पहुंचीं

लंदन, 3 जुलाई . जेसिका पेगुला ने विंबलडन 2026 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए स्पेन की जेसिका बौजास मानेरो को 6-1, 6-3 से हराकर चौथे दौर में प्रवेश कर लिया. चौथी वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी ने दुनिया की 52वें नंबर की बौजास मानेरो को 53 मिनट तक चले मुकाबले में मात दी. पेगुला ने बिना कोई सेट गंवाए प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली.

पेगुला ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया. उन्होंने पहले सेट में लगातार चार गेम जीतकर 4-0 की बढ़त बना ली और बौजास मानेरो को वापसी का कोई मौका नहीं दिया. दमदार सर्विस और सटीक ग्राउंडस्ट्रोक्स के दम पर उन्होंने पहला सेट आसानी से 6-1 से अपने नाम किया.

दूसरे सेट में हालांकि पेगुला को थोड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा. शुरुआती गेम में उन्होंने ब्रेक प्वाइंट बचाया, लेकिन तीसरे गेम में अपनी सर्विस गंवाकर पिछड़ गईं. इसके बाद 2024 यूएस ओपन की रनर-अप ने शानदार वापसी की. उन्होंने तुरंत सर्विस ब्रेक हासिल किया और लगातार चार गेम जीतकर मैच पर दोबारा पूरी तरह नियंत्रण बना लिया. अंत में, उन्होंने 6-3 से दूसरा सेट जीतते हुए सीधे सेटों में मुकाबला समाप्त कर दिया.

पूरे मैच में पेगुला का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा. उन्होंने अपनी पहली सर्विस पर 79 प्रतिशत अंक जीते और कुल 12 विनर लगाए.

विंबलडन से पहले पेगुला बर्लिन ओपन के फाइनल तक पहुंची थीं, जिससे उनका आत्मविश्वास पहले से कहीं अधिक मजबूत नजर आ रहा है.

मैच के बाद पेगुला ने कहा कि पहले वह हर साल यह सोचकर विंबलडन आती थीं कि उन्हें इस सतह पर अच्छा प्रदर्शन करना चाहिए, लेकिन अब वह खुद पर ऐसा दबाव नहीं डालतीं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि लोग उन्हें हमेशा बताते हैं कि उन्हें ग्रास कोर्ट पसंद होना चाहिए, लेकिन वह इसे लेकर अब ज्यादा नहीं सोचतीं.

पीएके