विंबलडन: दिमित्रोव ने बनाई चौथे दौर में जगह, रोमांचक मुकाबले में बेरेटिनी को हराया

लंदन, 5 जुलाई . बुल्गारिया के अनुभवी खिलाड़ी ग्रिगोर दिमित्रोव ने विंबलडन 2026 के चौथे दौर में जगह बना ली है. दिमित्रोव ने रोमांचक मुकाबले में इटली के माटेओ बेरेटिनी को पांच सेट तक चले मुकाबले में 6-3, 6-4, 3-6, 5-7, 6-3 से हराया.

दिमित्रोव के लिए यह जीत खास रही, क्योंकि उन्होंने पिछले साल इसी कोर्ट पर चोट के कारण जैनिक सिनर के खिलाफ मैच बीच में छोड़ दिया था. हालांकि, इस बार उन्होंने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की. मैच खत्म होने के बाद दिमित्रोव भावुक अंदाज में अपने हाथ उठाकर जीत का जश्न मनाया.

पहले दो सेटों में दिमित्रोव पूरी तरह हावी रहे और उन्होंने मजबूत सर्विस और बेहतरीन शॉट्स के दम पर 2-0 की बढ़त बनाई. हालांकि, इसके बाद बेरेटिनी ने बेहतरीन वापसी की. इटली के खिलाड़ी ने तीसरा और चौथा सेट जीतकर मुकाबले को पांचवें सेट तक पहुंचा दिया. निर्णायक सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन दिमित्रोव ने महत्वपूर्ण मौके पर बेरेटिनी की सर्विस तोड़कर बढ़त हासिल की और सेट को 6-3 से जीतते हुए मुकाबले को अपने नाम कर लिया. यह मुकाबला तीन घंटे और 32 मिनट तक चला और दोनों ही खिलाड़ियों का प्रदर्शन दमदार रहा.

मैच के बाद दिमित्रोव ने कहा कि पिछले साल की निराशा के बाद इस कोर्ट पर जीत हासिल करना उनके लिए बेहद खास है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ जीत या हार की बात नहीं है, बल्कि हर चुनौती को पार करने के बारे में है. बल्गेरियाई टेनिस खिलाड़ी ग्रिगोर दिमित्रोव के लिए वापसी का सफर आसान नहीं रहा. चोट के बाद वह लंबे समय तक कोर्ट से दूर रहे और अक्टूबर के अंत में पेरिस टूर्नामेंट में उनकी वापसी भी सफल नहीं रही, जहां वह दूसरे राउंड से पहले ही हट गए.

35 वर्षीय दिमित्रोव ने इसके बाद संघर्ष किया और जून 2026 तक सिर्फ दो टूर-लेवल मैच ही जीत पाए. हालांकि, सीजन के तीसरे ग्रैंड स्लैम से पहले उन्होंने डबलिन के एटीपी चैलेंजर में दो जीत हासिल कर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए. इसके बाद मल्लोर्का के एटीपी 250 टूर्नामेंट में उन्होंने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया. वर्तमान में एटीपी रैंकिंग में 146वें स्थान पर मौजूद दिमित्रोव ने इसी लय को विंबलडन में भी जारी रखा और शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथे दौर में जगह बनाई.

अब चौथे दौर में दिमित्रोव का सामना वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी आर्थर फेरी से होगा. आर्थर ने जिजो बर्ग्स को पांच सेट तक चले मुकाबले में हराकर चौथे राउंड का टिकट हासिल किया है. फेरी ने चार घंटे से अधिक चले इस मैच में 7-6 के टाईब्रेक में जीत दर्ज कर पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के चौथे दौर में जगह बनाई है. दोनों वाइल्ड कार्ड खिलाड़ियों का चौथे दौर में पहुंचना इस बार के विंबलडन में एक दुर्लभ उपलब्धि है. यह 2002 के बाद पहली बार हुआ है जब दो वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी किसी ग्रैंड स्लैम के राउंड ऑफ 16 में पहुंचे हैं.

एसएम/एएस