जब साई पल्लवी ने फिल्म डायरेक्टर को समझ लिया था ‘स्टॉकर’, पुलिस में करने वाली थीं शिकायत

Mumbai , 8 मई . साउथ सिनेमा की सबसे पसंदीदा अभिनेत्रियों में शामिल साई पल्लवी आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं. अपनी नेचुरल एक्टिंग, शानदार डांस और बिना मेकअप वाले अंदाज से उन्होंने करोड़ों लोगों का दिल जीता है. फिल्मों में उनका हर किरदार बेहद अलग होता है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि एक समय ऐसा भी था, जब साई पल्लवी ने एक मशहूर फिल्म डायरेक्टर को स्टॉकर समझ लिया था. उन्हें लगा था कि कोई अजनबी बार-बार उनका पीछा कर रहा है. बाद में वही शख्स उनकी जिंदगी बदलने वाला साबित हुआ और साई पल्लवी रातोंरात स्टार बन गईं.

साई पल्लवी का जन्म 9 मई 1992 को तमिलनाडु के कोटागिरी में हुआ था. उनका पूरा नाम साई पल्लवी सेंथामरई कन्नन है. उनके पिता सेंथामरई कन्नन सरकारी नौकरी में थे, जबकि मां राधा कन्नन डांस में रुचि रखती थीं. बचपन से ही साई पढ़ाई में काफी अच्छी थीं. वह डॉक्टर बनना चाहती थीं, जिसके चलते उन्होंने जॉर्जिया की एक यूनिवर्सिटी से मेडिकल की पढ़ाई की.

हालांकि पढ़ाई के साथ-साथ साई पल्लवी को डांस का भी बेहद शौक था. उन्होंने कभी प्रोफेशनल डांस ट्रेनिंग नहीं ली, लेकिन टीवी पर माधुरी दीक्षित और ऐश्वर्या राय के डांस देखकर खुद सीखा. वह कई डांस रियलिटी शोज में भी नजर आईं. फिल्मों में आने से पहले उन्होंने छोटे-मोटे रोल और जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर भी काम किया, लेकिन तब उन्हें कोई खास पहचान नहीं मिली.

साई पल्लवी की जिंदगी का सबसे दिलचस्प मोड़ तब आया, जब मशहूर डायरेक्टर अल्फोंस पुथरेन ने उन्हें फेसबुक पर एक डांस क्लिप में देखा. वह साई को अपनी फिल्म ‘प्रेमम’ में लेना चाहते थे. शुरुआत में साई ने इस ऑफर को ठुकरा दिया, क्योंकि उनका पूरा ध्यान मेडिकल की पढ़ाई पर था, लेकिन कुछ साल बाद डायरेक्टर ने दोबारा उनसे संपर्क किया.

बार-बार फोन आने पर साई पल्लवी को लगा कि कोई अनजान आदमी उनका पीछा कर रहा है. यहां तक कि वह Police में शिकायत करने तक का सोच चुकी थी. बाद में जब उन्हें पता चला कि फोन करने वाला कोई स्टॉकर नहीं, बल्कि एक फिल्ममेकर है, तब उन्होंने राहत की सांस ली और उनसे माफी भी मांगी.

इसके बाद साई पल्लवी ने ‘प्रेमम’ में मलार का किरदार निभाया. यह फिल्म रिलीज होते ही सुपरहिट साबित हुई और साई पल्लवी रातोंरात स्टार बन गईं. उनकी सादगी और नेचुरल एक्टिंग ने लोगों का दिल जीत लिया. इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट फीमेल डेब्यू एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला.

इसके बाद उन्होंने ‘फिदा’, ‘मारी 2’, ‘लव स्टोरी’, ‘श्याम सिंह रॉय’ और ‘गार्गी’ जैसी कई शानदार फिल्में दी.

साई पल्लवी सिर्फ अपनी फिल्मों की वजह से नहीं, बल्कि अपने सिद्धांतों के कारण भी चर्चा में रहती हैं. उन्होंने करोड़ों रुपए के फेयरनेस क्रीम विज्ञापन को सिर्फ इसलिए ठुकरा दिया था, क्योंकि वह लोगों को त्वचा के रंग को लेकर गलत संदेश नहीं देना चाहती थीं.

आज साई पल्लवी साउथ सिनेमा की सबसे सम्मानित अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं. उन्होंने कई फिल्मफेयर अवॉर्ड और साउथ इंडियन इंटरनेशनल मूवी अवार्ड्स अपने नाम किए हैं. वह जल्द ही ‘रामायण: पार्ट 1’ में माता सीता का किरदार निभाती नजर आएंगी.

पीके/