
नोएडा, 22 जून . राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने वाली है. India मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार पूरे सप्ताह मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा. आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है.
राहत की बात यह है कि आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना नहीं है. मौसम विभाग द्वारा जारी सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 22 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इस दिन गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.
आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) का स्तर अधिकतम 65 प्रतिशत और न्यूनतम 40 प्रतिशत रह सकता है. विभाग ने इस दिन के लिए किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है. 23 जून को मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा. अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. इस दिन भी कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है. 24 जून को भी आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. अधिकतम तापमान 37 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
इसके बाद 25 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा. 26 जून को तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है. अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने इस दिन भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है. सप्ताह के अंतिम दिन 27 जून को भी मौसम लगभग इसी तरह बना रहेगा. अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
आसमान में बादलों की मौजूदगी के साथ आर्द्रता का स्तर 60 से 40 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमीय गतिविधियों के प्रभाव से एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. इसके चलते तापमान नियंत्रित रहेगा और लोगों को भीषण गर्मी व उमस से काफी हद तक राहत मिलेगी. हालांकि दोपहर के समय उमस महसूस हो सकती है, लेकिन हल्की बारिश और तेज हवाएं मौसम को सुहावना बनाए रखेंगी.
–
पीकेटी/एएस
Skip to content