मध्य प्रदेश: दतिया में शांतिपूर्ण रहा मतदान, 71 प्रतिशत पड़े वोट

दतिया, 30 जुलाई . Madhya Pradesh के दतिया में हुए उपचुनाव में मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया. मतदान में मतदाताओं ने बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया और 71.44 फीसदी लोगों ने वोट डाले. दरअसल, दतिया में वर्ष 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार राजेंद्र भारती ने जीत दर्ज की थी मगर उन्हें एक मामले में सुनाई गई सजा पर अयोग्य करार दे दिया गया और उपचुनाव हुआ.

यहां मुख्य मुकाबला भाजपा के आशुतोष तिवारी का कांग्रेस के घनश्याम सिंह से है. वहीं आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव भी चुनाव मैदान में है. मतदान केंद्रों पर सुबह के समय मतदान की रफ्तार थोड़ा धीमी रही मगर उसके बाद मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं और युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा दिव्यांग मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर मतदान किया.

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े एवं Police अधीक्षक मयूर खंडेलवाल मतदान प्रक्रिया पर पूरी नजर रखे हुए थे वहीं मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो इसके भी इंतजाम किए गए थे. सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, छाया, चिकित्सा, दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं.

मतदान के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर निरंतर निगरानी रखी गई. दतिया विधानसभा उप निर्वाचन में कुल मतदान लगभग 71.44 प्रतिशत रहा. विधानसभा क्षेत्र में पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 74.09, महिला मतदाताओं का प्रतिशत 68.48 तथा अन्य मतदाताओं का प्रतिशत 20 प्रतिशत रहा.

मतदान समाप्त होने के पश्चात सभी मतदान दल निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईवीएम एवं अन्य निर्वाचन सामग्री के साथ सुरक्षित रूप से प्राप्ति केंद्र पहुंच रहे है जहाँ सामग्री जमा करने की प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा रही है.

एसएनपी/डीकेपी