विवेक दहिया बनेंगे दिव्य शक्तियों वाले इस्त्रीवाले, बोले- ‘ऐसा किरदार करने के बारे में कभी सोचा नहीं था’

Mumbai , 19 मई . टीवी की दुनिया में अपनी दमदार एक्टिंग और अलग-अलग किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले Actor विवेक दहिया अब एक बिल्कुल नए और अनोखे अंदाज में दर्शकों के सामने आने वाले हैं. विवेक जल्द ही नई सीरीज ‘सुपरहीरो इस्त्रीवाला’ में नजर आएंगे. इसमें वह एक साधारण इस्त्री करने वाले व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं.

कहानी में आगे चलकर उन्हें दिव्य शक्तियां मिलती हैं, जिसके चलते उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है. शो का नाम सामने आने के बाद से ही दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता बनी हुई है.

विवेक दहिया ने से बात करते हुए अपने किरदार के बारे में बताया, ”मेरा किरदार जय एक साधारण इंसान है, जो इस्त्री की दुकान चलाकर अपना और अपने परिवार का गुजारा करता है. उसकी जिंदगी संघर्षों से भरी होती है. वह आर्थिक परेशानियों, परिवार की जिम्मेदारियों और रोजमर्रा की मुश्किलों से जूझता रहता है, लेकिन इन सबके बावजूद वह अपनी अच्छाई, इंसानियत और भगवान पर भरोसा कभी नहीं छोड़ता. यही बात मेरे किरदार को खास बनाती है.”

उन्होंने बताया कि कहानी में एक ऐसा मोड़ आता है, जो जय की पूरी जिंदगी बदल देता है. एक चमत्कारी घटना के बाद उसे दिव्य शक्तियां मिल जाती हैं. इसके बाद उसकी मुलाकात तीन रहस्यमयी मार्गदर्शकों ज्ञान, गुण और सागर से होती है. ये तीनों उसके जीवन में अहम भूमिका निभाते हैं और उसे अपनी नई शक्तियों को समझने और सही दिशा में इस्तेमाल करने में मदद करते हैं. शो में मनोरंजन के साथ-साथ आस्था और इंसानियत का संदेश भी देखने को मिलेगा.

विवेक दहिया ने आगे कहा, ”इस प्रोजेक्ट के लिए मुझे सबसे ज्यादा जो चीज आकर्षित कर गई, वह थी सुपरपावर वाला किरदार निभाने का मौका. मैंने अपने करियर में पहले कभी ऐसा रोल नहीं किया था और यही वजह थी कि यह मेरे लिए बेहद खास बन गया.”

जब ने पूछा कि ‘सुपरहीरो इस्त्रीवाला’ जैसा अलग और दिलचस्प नाम सुनकर उनकी पहली प्रतिक्रिया क्या थी, तो विवेक ने कहा, “सबसे पहले मुझे किरदार का लुक और उसका अंदाज बहुत पसंद आया. मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि मुझे ऐसा रोल निभाने का मौका मिलेगा. यह किरदार पूरी तरह नया और अलग अनुभव लेकर आया.”

विवेक दहिया ने आगे बताया, ”जय भगवान हनुमान का बहुत बड़ा भक्त होता है. शो में वह हमेशा भगवान पर विश्वास रखता है और कठिन हालात में भी उम्मीद नहीं छोड़ता. कहानी में भगवान हनुमान जय को खास शक्तियों का आशीर्वाद देते हैं, जिनकी मदद से वह लोगों की जिंदगी बेहतर बनाने की कोशिश करता है.”

Actor ने कहा, ”सुपरहीरो जैसा किरदार निभाना मेरे लिए बहुत रोमांचक अनुभव रहा. जैसे ही मुझे इस रोल के बारे में बताया गया, मैंने तुरंत इसके लिए हामी भर दी. मुझे शुरुआत से ही महसूस हो गया था कि यह किरदार चुनौतीपूर्ण जरूर होगा, लेकिन उतना ही मजेदार और दिलचस्प भी रहेगा.”

विवेक ने कहा, ”एक कलाकार के तौर पर मैं हमेशा नए और अलग किरदार करने की कोशिश करता हूं. ‘सुपरहीरो इस्त्रीवाला’ सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें भावनाएं, संघर्ष, परिवार और इंसानियत जैसे कई पहलू देखने को मिलेंगे.”

पीके/डीकेपी