
हरारे, 23 जुलाई . वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी के दम पर India ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज का पहला मैच 7 विकेट से अपने नाम किया. Thursday को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में जीत के साथ टीम इंडिया ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है.
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 125 रन बनाए. पहली गेंद पर ही मेजबान टीम ने ब्रायन बेनेट (0) का विकेट गंवा दिया. इसके बाद बेन करन ने डियन मायर्स के साथ दूसरे विकेट के लिए टीम के खाते में 19 रन जुटाए, लेकिन महज 32 रन तक जिम्बाब्वे ने अपने 4 विकेट खो दिए.
यहां से रेयान बर्ल ने वेस्ली मधेवेरे (39) के साथ पांचवें विकेट के लिए 32 रन जुटाकर टीम को 64 के स्कोर तक पहुंचाया, जिसके बाद मधेवेरे ने तादिवानाशे मारुमानी के साथ छठे विकेट के लिए 37 गेंदों में 57 रन जोड़कर टीम को किसी तरह शतक के पार पहुंचाया.
बर्ल 35 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मारुमानी ने 20 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 27 रन की नाबाद पारी खेली. India की तरफ से मयंक यादव और प्रिंस यादव ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि शिवम दुबे और रवि बिश्नोई को 1-1 विकेट हाथ लगा.
इसके जवाब में टीम इंडिया ने महज 13.2 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. वैभव सूर्यवंशी ने अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 23 रन जुटाए. इस दौरान अभिषेक टीम के खाते में सिर्फ 1 रन का योगदान दे सके.
इसके बाद वैभव ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 21 गेंदों में 45 रन जोड़कर टीम को मजबूती दी. वैभव ने 19 गेंदों में 4 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 50 रन की पारी खेली. 15 साल और 118 दिन की उम्र में वैभव टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक जड़ने वाले दुनिया के सबसे युवा पुरुष खिलाड़ी बने.
कप्तान श्रेयस अय्यर (नाबाद 28) चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, जिन्होंने ईशान किशन (35) के साथ तीसरे विकेट के लिए 31 गेंदों में 46 रन जुटाए, जिसके बाद तिलक वर्मा (नाबाद 6) के साथ चौथे विकेट के लिए 12 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई. मेजबान टीम के खेमे से ब्लेसिंग मुजरबानी ने 26 रन देकर 2 विकेट निकाले, जबकि रिचर्ड नगारवा ने 1 विकेट हासिल किया.
आयरलैंड के खिलाफ 0-2 से टी20 सीरीज गंवाने के बाद कप्तान अय्यर ने इंग्लैंड के विरुद्ध पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज 0-4 से गंवाई थी. अपने आठवें मैच में आखिरकार अय्यर को कप्तान के तौर पर पहली जीत मिली है. सीरीज के शेष मुकाबले 25 और 26 जुलाई को इसी मैदान पर खेले जाने हैं.
–
आरएसजी
Skip to content