वैभव ने बचपन से मेहनत की है, उन्हें इसका फल मिल रहा है: पिता संजीव सूर्यवंशी

समस्तीपुर, 6 जून . महज 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को पहली बार India की सीनियर क्रिकेट टीम में चुना गया है. वैभव को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में चुना गया है. वैभव के भारतीय टीम में चयन के बाद बिहार के समस्तीपुर जिले में स्थित ताजपुर गांव में जश्न का माहौल है, जहां वैभव के घर पर पटाखे फोड़कर और लड्डू बांटकर जश्न मनाया गया.

वैभव के चयन से खुश पिता संजीव सूर्यवंशी ने पत्रकारों से कहा, “वैभव को मेहनत का फल मिल रहा है. हम यही चाहते हैं कि वह देश के लिए खूब रन बनाएं. वैभव के चयन के बाद बधाई देने वालों का तांता लग गया है. वैभव ने बचपन से मेहनत की है. हम सेलेक्टर्स को धन्यवाद देना चाहते हैं, जिन्होंने वैभव पर अपना भरोसा जताया.”

वैभव के भारतीय टी20 टीम में चुने जाने पर उनके चाचा राजीव सूर्यवंशी ने ‘ ’ से कहा, “यह भी एक रिकॉर्ड है कि आज वैभव को सबसे कम उम्र में भारतीय टी20 टीम के लिए चुना गया. इसके लिए मैं बीसीसीआई का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं. वैभव ने आईपीएल में जिस तरह शानदार प्रदर्शन किया था, उसे देखकर हमें पता चल गया था कि उन्हें जल्द भारतीय टीम में मौका मिल सकता है. मैं बीसीसीआई का आभार जताना चाहता हूं.”

वैभव के पड़ोसी राजेश कुमार कहते हैं, “हमें हमेशा से उम्मीद थी और हम इस दिन का इंतजार कर रहे थे. वैभव ने सबसे कम उम्र में रिकॉर्ड बनाया है, और हमें पता था कि एक दिन वह जरूर टीम इंडिया के लिए खेलेंगे.”

एक अन्य स्थानीय निवासी ने कहा, “वैभव ने अपने खेल के दम पर टीम इंडिया में जगह हासिल की है. मुझे यकीन था कि वैभव का चयन इस टीम में होगा. पूरा ताजपुर अपने इस बेटे पर गर्व करता है.”

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 175 रन की पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में सर्वाधिक 776 रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं. यूथ टेस्ट क्रिकेट में भी वैभव शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं. अब उनसे भारतीय सीनियर क्रिकेट टीम में दमदार प्रदर्शन की आस है.

आरएसजी