
महेंद्रगढ़, 31 मई . Haryana के नांगल चौधरी स्थित टोल प्लाजा एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गया, जब टोल कर्मचारियों और एक ट्रक चालक के बीच हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया. कथित तौर पर टोल कर्मियों द्वारा ड्राइवर के साथ मारपीट किए जाने के आरोप के बाद गुस्साए वाहन चालकों ने टोल प्लाजा पर जाम लगा दिया, जिससे कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना की शुरुआत टोल कर्मचारियों और एक ट्रक चालक के बीच कहासुनी से हुई थी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ट्रक चालक और अन्य वाहन चालक टोल प्लाजा पर एकत्रित हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि टोल कर्मचारियों का व्यवहार अक्सर वाहन चालकों के प्रति अभद्र रहता है और कई बार मनमाने तरीके से कार्रवाई की जाती है. उनका कहना था कि यह पहली बार नहीं है जब टोल प्लाजा पर इस तरह का विवाद सामने आया हो. इसी नाराजगी के चलते चालकों ने टोल संचालन बाधित कर दिया और जाम लगा दिया.
जाम के कारण टोल प्लाजा के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. आम यात्रियों, बसों और मालवाहक वाहनों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए Police भी मौके पर पहुंची लेकिन लंबे समय तक विवाद का समाधान नहीं निकल सका.
प्रदर्शन कर रहे ड्राइवरों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक संबंधित कर्मचारी को मौके पर बुलाकर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मंगवाई जाएगी, तब तक वे जाम नहीं हटाएंगे. आखिरकार प्रशासन और Police की मध्यस्थता के बाद आरोपी कर्मचारी को मौके पर बुलाया गया, जहां उसने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी. इसके बाद वाहन चालकों ने अपना विरोध समाप्त कर दिया और जाम खोल दिया गया.
मौके पर मौजूद Police अधिकारियों ने बताया कि टोल प्लाजा पर ट्रक चालक और टोल स्टाफ के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था. Police ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत करा दिया है. अधिकारियों के अनुसार विवाद के चलते कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बनी थी लेकिन अब यातायात पूरी तरह सामान्य है.
–
एससीएच/पीएम
Skip to content