
वॉशिंगटन, 14 जुलाई . President डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा पर होने वाले खर्च की भरपाई के लिए 20 प्रतिशत शिपिंग शुल्क लगाने का अपना प्रस्ताव वापस ले लिया है. ट्रंप ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि किसी को भी होर्मुज स्ट्रेट या दुनिया के किसी भी ऐसे मार्ग के इस्तेमाल के लिए शुल्क लेने का अधिकार होना चाहिए. उन्होंने बताया कि खाड़ी देशों के सहयोगियों ने इसके बदले अमेरिका में अरबों डॉलर का अतिरिक्त निवेश करने की पेशकश की है.
ट्रंप ने कहा कि यह फैसला खाड़ी देशों के कई नेताओं से बातचीत के बाद लिया गया. इन नेताओं का कहना था कि अमेरिका में ज्यादा निवेश करना उस लंबे समय से चली आ रही अमेरिकी सुरक्षा भूमिका में मदद करने का बेहतर तरीका होगा, जिसके तहत दुनिया के सबसे व्यस्त ऊर्जा मार्गों में से एक की सुरक्षा की जाती है.
व्हाइट हाउस में इराक के Prime Minister अली अल-जैदी के साथ बैठक के दौरान ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, “जब मैंने कल यह बात रखी थी, तो यह इसलिए था क्योंकि कई वर्षों से हम ऐसा करते आ रहे हैं. मुझे हमेशा यह अनुचित लगा कि हम जलडमरूमध्य की सुरक्षा कर रहे हैं, जबकि हमें बदले में कुछ नहीं मिलता. हमें अब तेल की जरूरत भी नहीं है.”
उन्होंने कहा कि अमेरिका कई दशकों से होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले समुद्री यातायात की सुरक्षा करता आया है, जबकि अब वह इस रास्ते से आने वाले तेल पर पहले की तरह निर्भर नहीं है.
ट्रंप ने कहा कि यह हमारे लिए उतना जरूरी नहीं था, लेकिन हमारे सहयोगियों के लिए यह बहुत महत्वपूर्ण था. यह उन देशों के लिए जरूरी था जिनके साथ हमारे अच्छे संबंध हैं, खासकर खाड़ी के बड़े देशों के लिए.
ट्रंप ने बताया कि उनके प्रस्ताव के बाद खाड़ी देशों के नेताओं ने तुरंत उनसे संपर्क किया.
उन्होंने कहा, “मुझे अलग-अलग लोगों और अलग-अलग देशों से फोन आए, जिनमें राजा और अमीर भी शामिल थे. उन्होंने कहा कि हम इसे दूसरे तरीके से करना चाहेंगे. हम अमेरिका में अरबों और अरबों डॉलर का निवेश करना पसंद करेंगे.”
ट्रंप ने कहा कि मुझे यह विकल्प जहाजों पर शुल्क लगाने से ज्यादा बेहतर लगा.
उन्होंने कहा कि मुझे यह तरीका ज्यादा पसंद आया, क्योंकि मुझे नहीं लगता कि किसी को भी किसी जलडमरूमध्य या दुनिया के किसी भी ऐसे मार्ग के इस्तेमाल के लिए शुल्क लेने का अधिकार होना चाहिए.
उन्होंने कहा कि हमने यह शुल्क इसलिए सोचा था क्योंकि यह हमारे खर्च की भरपाई का एक तरीका होता. लेकिन अब खाड़ी देश अमेरिका में बहुत बड़ी रकम का निवेश करने जा रहे हैं और यह मेरे लिए ज्यादा संतोषजनक है. मुझे लगता है कि यह तरीका और बेहतर है.
जब उनसे पूछा गया कि क्या यह प्रस्ताव पूरी तरह खत्म कर दिया गया है, तो ट्रंप ने कहा कि हां, इसे छोड़ दिया गया है.
उन्होंने कहा, “सऊदी अरब, यूएई, कतर, बहरीन और कुवैत जैसे देश अमेरिका में रिकॉर्ड स्तर पर ज्यादा निवेश करना चाहते हैं और यह हमारे लिए स्वीकार्य होगा.”
ट्रंप ने कहा कि नई व्यवस्था से बड़े निवेश को बढ़ावा मिलेगा और अंतरराष्ट्रीय जहाजों पर सीधे शुल्क लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
उन्होंने कहा कि वे निवेश कर रहे हैं और उन्हें अपने पैसे का फायदा भी मिलेगा. यह अच्छी बात है. लेकिन वे अमेरिका में बहुत बड़े स्तर पर निवेश करने जा रहे हैं और मुझे यह तरीका ज्यादा पसंद है.
–
एवाई/डीकेपी
Skip to content