पहली बार फीफा विश्व कप में हिस्सा लेंगी ये 4 टीमें, 2 टीमों को मिलेगा मेसी और रोनाल्डो के साथ खेलने का मौका

New Delhi, 30 मई . फुटबॉल के सबसे बड़े वैश्विक इवेंट, फीफा विश्व कप 2026, की शुरुआत 11 जून से हो रही है. विश्व कप अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा की सह-मेजबानी में हो रहा है. विश्व कप में इस बार सर्वाधिक 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं और कुल 104 मैच खेले जाएंगे. हिस्सा ले रही 48 टीमों में 4 ऐसी टीमें हैं, जो पहली बार फुटबॉल की इस सबसे बड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं.

पहली बार फुटबॉल विश्व कप खेल रही 4 टीमें काबो वर्डे (केप वर्डे), कुराकाओ, जॉर्डन और उज्बेकिस्तान हैं.

केप वर्डे को ग्रुप ‘एच’ में रखा गया है. इस ग्रुप में 2010 की चैंपियन स्पेन, 1930 और 1950 की विजेता उरुग्वे और सऊदी अरब है.

कुराकाओ विश्व कप में ग्रुप ‘ई’ का हिस्सा है. इस ग्रुप की बड़ी टीम जर्मनी है, जो 1954, 1974, 1990 और 2014 में चैंपियन रही है. इसके अलावा, इक्वेडोर और आइवरी कोस्ट भी इस ग्रुप में शामिल हैं.

जॉर्डन को ग्रुप ‘जे’ में रखा गया है. इस ग्रुप की बड़ी टीम अर्जेंटीना है, जो 1978, 1986 और 2022 में खिताब जीत चुकी है. ऑस्ट्रिया, अल्जीरिया भी इस ग्रुप का हिस्सा हैं. अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनल मेसी का संभवत: यह आखिरी विश्व कप हो सकता है. इसलिए ग्रुप की सभी टीमों के खिलाड़ियों के लिए मेसी के साथ खेलने का ये आखिरी मौका हो सकता है.

उज्बेकिस्तान ग्रुप ‘के’ में है. इस ग्रुप में कोलंबिया, पुर्तगाल और कांगो हैं. इस ग्रुप की सबसे बड़ी टीम पुर्तगाल है. दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की टीम पुर्तगाल अपना पहला विश्व कप जीतने की तैयारी कर रही है. 41 साल के रोनाल्डो का संभवत: यह आखिरी विश्व कप है. इसलिए ग्रुप की सभी टीमों के खिलाड़ियों के लिए रोनाल्डो के साथ खेलने का ये आखिरी मौका हो सकता है.

कतर फीफा विश्व कप 2022 का मेजबान था. बतौर मेजबान, कतर को विश्व कप खेलने का मौका पिछली बार मिल गया था. आगामी विश्व कप में, कतर पहली बार अपनी क्षमता के आधार पर खेलेगा. कतर ने विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया है. कतर को ग्रुप बी में रखा गया है. इस ग्रुप में कतर के साथ स्विट्जरलैंड, कनाडा, और बोस्निया और हर्जेगोविना हैं.

सभी 48 टीमों को 12 ग्रुप में बांटा गया है. हर ग्रुप से 2 श्रेष्ठ टीम और तीसरे स्थान की 8 श्रेष्ठ टीमें नॉकआउट स्टेज के लिए क्वालीफाई करेंगी.

पीएके