215 रनों के लक्ष्य का बचाव हो सकता था, पिच दूसरी पारी में बेहतर खेली: रियान पराग

न्यू चंडीगढ़, 30 मई . आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में Rajasthan रॉयल्स (आरआर) को Gujarat टाइटंस (जीटी) के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. आरआर के कप्तान रियान पराग ने माना कि 215 रनों के लक्ष्य का बचाव किया जा सकता था. रियान के अनुसार, दूसरी पारी में पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतर हो गई थी.

जीटी के खिलाफ मिली हार के बाद कप्तान रियान ने कहा, “यह एक अच्छा स्कोर था. मुझे लगता है कि 215 के स्कोर का बचाव किया जा सकता था, लेकिन मेरे हिसाब से दूसरी पारी में भारी रोलर के बाद विकेट थोड़ा बेहतर हो गया था. पहली पारी में मुझे लगा कि स्पिनरों को थोड़ी ज्यादा ग्रिप मिल रही थी और छोटी, धीमी गेंदें थोड़ी ज्यादा उछाल ले रही थीं. इसी कारण मुझे लगता है कि यह एक ठीक-ठाक स्कोर था, लेकिन यह और बेहतर हो सकता था. एक समय ऐसा लग रहा था कि हम 230 रनों के स्कोर तक पहुंच जाएंगे, जो इस बड़े मैच में फर्क ला सकता था. मुझे लगता है कि 230-240 का स्कोर उस रन चेज को सच में चुनौतीपूर्ण बना देता.”

आरआर के कप्तान ने माना कि शुभमन गिल और साई सुदर्शन का विकेट जल्दी नहीं चटकाने का खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा. उन्होंने कहा, “जीटी के बल्लेबाजी क्रम को देखते हुए हम जानते थे कि उनके सलामी बल्लेबाजों को हमें जल्दी आउट करना होगा, लेकिन हम ऐसा करने में नाकाम रहे. इसकी वजह से मैच में हमारी राह मुश्किल हो गई.”

रियान ने पूरे सीजन में टीम के प्रदर्शन को लेकर कहा, “यह कई सकारात्मक बातों के साथ एक अच्छा सीजन रहा है. असल में, बहुत सारी सकारात्मक बातें रहीं. हालांकि, अगर मुझे इसे एक लाइन या कुछ लाइनों में बताना हो, तो मुझे लगता है कि हमें क्वालीफाई नहीं करना चाहिए था. हमारे पास कई युवा चेहरे थे, जो अपेक्षाकृत कम अनुभवी थे और उन्होंने आईपीएल में काफी कम क्रिकेट खेला था. हमने कई नए बदलाव और कॉम्बिनेशन आजमाए. हालांकि, खिलाड़ियों ने जो जज्बा दिखाया और आज हम इस सीजन में जहां तक पहुंचे हैं, मुझे लगता है कि यह आगे के लंबे सफर के लिए एक शानदार शुरुआत है.”

Rajasthan रॉयल्स के कप्तान ने वैभव सूर्यवंशी की जमकर प्रशंसा की. उन्होंने कहा, “मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता. एक तरीका होता है, जिसमें आप सिर्फ जाकर बड़े शॉट खेलते हैं और फिर आपको काफी रन मिल जाते हैं. हालांकि, जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की, वह सिर्फ स्लॉगिंग नहीं थी. यह आंख बंद करके लगाए गए शॉट्स नहीं थे. वह कैलकुलेट करते हैं, परिस्थितियों का आकलन करते हैं. वह सचमुच सब कुछ बहुत अच्छे से करते हैं. मुझे अभी भी समझ नहीं आ रहा कि कैसे. हालांकि, उम्मीद है कि वह ऐसा करते रहेंगे. उम्मीद है कि वह हमारे देश का प्रतिनिधित्व करेंगे और देश का नाम रोशन करेंगे. इसके साथ ही मैं आशा करता हूं कि वह Rajasthan रॉयल्स के लिए खेलते रहेंगे और हमें दूसरी बार चैंपियन बनाएंगे.”

वैभव ने दूसरे क्वालीफायर में भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 96 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के लगाए. वैभव ने आईपीएल 2026 का समापन 16 मुकाबलों में 237 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाकर किया.

एसएम/एएस