
Lucknow, 1 जून . उत्तर प्रदेश की राजधानी Lucknow में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीट वेव के प्रकोप के बीच नगर निगम ने आमजन को राहत पहुंचाने के लिए विशेष अभियान तेज कर दिया है. शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर ‘कूलिंग पॉइंट’ स्थापित किए जा रहे हैं, जहां राहगीरों, श्रमिकों और खुले में काम करने वाले लोगों को प्राकृतिक ठंडक के साथ पेयजल और विश्राम की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
Monday को महापौर सुषमा खर्कवाल ने विधानसभा के समीप जीपीओ के पास स्थापित ऐसे ही एक कूलिंग पॉइंट का उद्घाटन किया. उद्घाटन के अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि भीषण गर्मी के दौर में नगर निगम का लक्ष्य शहरवासियों को अधिकतम राहत उपलब्ध कराना है.
उन्होंने बताया कि पॉलीटेक्निक चौराहा, कुर्सी रोड स्थित सृष्टि अपार्टमेंट, 1090 चौराहा और लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय समेत कई स्थानों पर पहले ही कूलिंग पॉइंट संचालित किए जा चुके हैं. वहीं गोमतीनगर के पत्रकारपुरम चौराहा, GST भवन सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर भी ऐसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं.
नगर निगम के अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि कूलिंग पॉइंट्स का निर्माण पर्यावरण अनुकूल अवधारणा पर आधारित है. इसकी दीवारों और छत में मिट्टी तथा जूट जैसी प्राकृतिक सामग्रियों का उपयोग किया गया है, जिससे भीतर का तापमान बाहरी वातावरण की तुलना में कम बना रहता है और लोगों को प्राकृतिक शीतलता का अनुभव होता है.
उन्होंने बताया कि इन केंद्रों पर बेड, सोफा, कुर्सियां, पंखे, कूलर, मटकों में शीतल पेयजल और गुड़ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. विशेष रूप से रिक्शा चालकों, दिहाड़ी श्रमिकों, डिलीवरी कर्मियों और राहगीरों को ध्यान में रखते हुए इन केंद्रों को विकसित किया गया है. हीट वेव से निपटने के लिए नगर निगम ने अपने 24 रैनबसेरों को भी राहत केंद्र के रूप में तैयार किया है. यहां पहले से उपलब्ध आवासीय सुविधाओं के साथ स्वच्छ और ठंडे पेयजल की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है, ताकि दोपहर के समय लोग सुरक्षित स्थान पर विश्राम कर सकें.
महापौर ने बताया कि जलकल विभाग के सहयोग से शहर के 150 से अधिक स्थानों पर कैनोपी लगाकर शीतल पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है. इन केंद्रों पर मटकों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे भीषण गर्मी के बीच राहगीरों और श्रमिकों को राहत मिल रही है. नगर निगम का मानना है कि मौसम विभाग की ओर से जारी हीट वेव की चेतावनियों के मद्देनजर ऐसे राहत केंद्र न केवल नागरिकों को तत्काल राहत प्रदान करेंगे, बल्कि गर्मी से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और लू के मामलों को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
–
विकेटी/एसके
Skip to content