टेस्ट क्रिकेट: जैक्स कैलिस के खास क्लब में शामिल हुए बेन स्टोक्स, दुनिया के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बने

ट्रेंट ब्रिज, 26 जून . इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टेस्ट क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है. दुनिया के श्रेष्ठ ऑलराउंडर्स में से एक माने जाने वाले स्टोक्स ने ट्रेंट ब्रिज में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन एक खास उपलब्धि अपने नाम की और दक्षिण अफ्रीका के महान ऑलराउंडर जैक्स कैलिस की श्रेणी में शामिल हो गए.

ट्रेंट ब्रिज में खेले जा रहे टेस्ट के दूसरे दिन (Friday) को न्यूजीलैंड की पहली पारी 438 रनों पर सिमट गई. इंग्लैंड की तरफ से बेन स्टोक्स ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए. इस दौरान उनके 250 टेस्ट विकेट पूरे हो गए. टेस्ट क्रिकेट में 7000 रन बनाने और 250 विकेट लेने वाले स्टोक्स दुनिया के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी हैं. पहले स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के महान ऑलराउंडर जैक्स कैलिस हैं.

जैक्स कैलिस की गिनती क्रिकेट इतिहास के महानतम ऑलराउंडर्स में होती है. कैलिस ने दक्षिण अफ्रीका के लिए तीनों ही फॉर्मेट खेले हैं और अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी से प्रभावशाली छाप छोड़ी है.

टेस्ट क्रिकेट की बात करें तो दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 166 टेस्ट मैचों की 280 पारियों में 45 शतक और 58 अर्धशतक लगाते हुए 13,289 रन बनाए हैं. वहीं, 292 विकेट लिए हैं.

बेन स्टोक्स ने 122 मैचों की 218 पारियों में 14 शतक और 37 अर्धशतक लगाते हुए 7,228 रन बनाए हैं और 250 विकेट लिए हैं. स्टोक्स को टेस्ट क्रिकेट में मौजूदा समय का सबसे बेहतरीन तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर माना जाता है.

न्यूजीलैंड-इंग्लैंड तीसरे टेस्ट की बात करें तो सलामी बल्लेबाजों कप्तान टॉम लैथम और डेवोन कोनवे के शतक और इनके बीच पहले विकेट के लिए बनी 317 रन की साझेदारी के बावजूद कीवी टीम पहली पारी में सिर्फ 438 रन पर सिमट गई.

सीरीज के शुरुआती 2 मैचों में दोनों टीमों ने 1-1 जीत हासिल की है. यह निर्णायक मैच है. अगर इस मैच में इंग्लैंड को जीत हासिल करनी है, तो स्टोक्स को गेंदबाजी की तरह बल्लेबाजी में भी करिश्मा करना होगा.

पीएके