एसआईआर को लेकर तेलंगाना के सीएम का कांग्रेस नेताओं को सख्त संदेश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

हैदराबाद, 24 जून . तेलंगाना के Chief Minister ए.रेवंत रेड्डी ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर पार्टी नेताओं को कड़ा संदेश दिया. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी नेता ने पार्टी के निर्देशों का पालन करने में लापरवाही दिखाई, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Wednesday को पार्टी नेताओं के साथ आयोजित एक जूम बैठक में Chief Minister ने मंत्रियों, विधायकों, सांसदों और विधानसभा क्षेत्र प्रभारियों को एसआईआर प्रक्रिया को लेकर बेहद सतर्क रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि ऐसी रिपोर्टें सामने आ रही हैं कि मतदाता सूची से कई वास्तविक और पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जा सकते हैं, इसलिए कांग्रेस नेताओं को पूरी गंभीरता से इस मुद्दे पर काम करना होगा.

रेवंत रेड्डी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो प्रभारी पार्टी के निर्देशों को लागू करने में विफल रहेंगे, उनकी जगह नए प्रभारियों की नियुक्ति की जाएगी. हम किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे और अगले 10 दिनों तक प्रभारियों के कामकाज पर लगातार नजर रखी जाएगी.

Chief Minister ने कांग्रेस समर्थित सरपंचों से भी अपील की कि वे गांव-गांव में एसआईआर को लेकर जागरूकता अभियान चलाएं और लोगों को इस प्रक्रिया की जानकारी दें. एसआईआर एक बेहद गंभीर विषय है और कुछ नेता इस मुद्दे को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं.

रेवंत रेड्डी ने स्पष्ट किया कि यदि पार्टी को किसी तरह का नुकसान होता है तो वह मूकदर्शक बनकर नहीं बैठेंगे. उन्होंने बताया कि उन्हें एसआईआर जागरूकता बैठकों को लेकर जिला-वार रिपोर्टें मिल चुकी हैं. उन्होंने नेताओं को अधिक से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और बैठकों को सफल बनाने की जिम्मेदारी प्रभारी मंत्रियों को सौंपी.

Chief Minister ने कहा कि एसआईआर के दौरान गरीबों के मतदान अधिकारों की रक्षा करना बेहद जरूरी है. उनके अनुसार, यदि गरीबों के नाम मतदाता सूची से हट जाते हैं तो भविष्य में उनके आधार कार्ड और राशन कार्ड जैसी अन्य सुविधाओं पर भी असर पड़ सकता है.

बैठक में महेश कुमार गौड़, मीनाक्षी नटराजन, मल्लू भट्टी विक्रमार्क, सचिन सावंत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

टीपीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने कहा कि सभी वास्तविक मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को भाजपा की रणनीतियों पर नजर रखने और सतर्क रहने की सलाह दी. पश्चिम बंगाल में मतदाताओं के नाम हटाए जाने के मुद्दे का जिक्र करते हुए उन्होंने विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता का जिक्र किया.

पीएम