भारतीय गेंदबाजों का दमदार प्रदर्शन, पहली पारी में महज 148 रनों पर सिमटी श्रीलंकाई अंडर-19 टीम

कोलंबो, 22 जुलाई . India अंडर 19 और श्रीलंका अंडर 19 टीम के बीच दूसरा अनौपचारिक टेस्ट मैच आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है. श्रीलंका की पूरी टीम पहली पारी में 148 रन बनाकर ऑलआउट हुई. पहली पारी के आधार पर भारतीय टीम ने 263 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की है.

India द्वारा बनाए गए पहली पारी में 411 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही. अवीशा समश सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, सेनुजा वेकुनागोडा भी सिर्फ 5 रन बनाकर पवेलियन लौटे. कप्तान विमथ दिंसारा ने भी अपनी बल्लेबाजी से खासा निराश किया और वह सिर्फ 8 रन ही बना सके. दिमंता महावितना अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 29 गेंदों में 24 रन बनाने के बाद आउट हुए. कविजा गमागे 34 गेंदों का सामना करने के बाद महज 7 रन ही बना सके.

विरन चामुदिथा ने 35 गेंदों का सामना करते हुए 3 चौकों की मदद से 21 रन बनाए, जबकि दुलनिथ सिगेरा को 31 रनों के स्कोर पर रोहित यादव ने क्लीन बोल्ड करते हुए पवेलियन भेजा. जेसन फर्नांडो 13 गेंदें खेलने के बावजूद अपना खाता तक नहीं खोल सके. गिमहान मेंडिस अनलकी रहे और 4 रन बनाने के बाद रनआउट हुए. सेठमिका सेनेविरत्ने 25 रन बनाकर नाबाद रहे. श्रीलंका के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक पार नहीं कर सके.

भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन पहली पारी में लाजवाब रहा. प्रणव राघवेंद्र ने 10 ओवर के स्पेल में 28 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए. वहीं, चिगुरुपति वेंकट ने 27 रन देकर 2 विकेट झटके. रोहित यादव भी शानदार लय में दिखाई दिए और उन्होंने महज 14 रन खर्च करते हुए 2 विकेट निकाले. इससे पहले, India की पूरी टीम पहली पारी में 411 रन बनाकर ऑलआउट हुई.

टीम की ओर से मनाल चौहान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 150 रनों की दमदार पारी खेली. उन्होंने अपनी इस पारी में 20 चौके और एक छक्का लगाया. वहीं, कुशाग्र ओझा ने भी शतकीय पारी खेली. कुशाग्र ने 193 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके और 2 छक्कों की मदद से 111 रन बनाए. हालांकि, वह अनलकी रहे और रनआउट होकर पवेलियन लौटे.

एसएम/पीएम