
हैदराबाद, 28 जुलाई . साउथ इंडस्ट्री के सुपरस्टार वेंकटेश इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आदर्श कुटुंबम हाउस नंबर: 47-एके 47’ को लेकर लगातार चर्चा में हैं. फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शकों के बीच इसे लेकर जबरदस्त उत्साह बना हुआ है.
दरअसल, इस फिल्म के जरिए पहली बार वेंकटेश और मशहूर निर्देशक त्रिविक्रम एक साथ काम कर रहे हैं. फिल्म से जुड़े हर नए अपडेट पर फैंस की नजर बनी हुई है. अब मेकर्स ने फिल्म की Actress श्रीनिधि शेट्टी के किरदार की पहली झलक जारी कर दी है. इस वीडियो में उनका अंदाज काफी अलग नजर आ रहा है.
फिल्म का निर्माण कर रही हारिका एंड हासिनी क्रिएशंस ने एक्स प्लेटफॉर्म पर एक खास वीडियो साझा किया. इस वीडियो के जरिए श्रीनिधि शेट्टी के किरदार ‘स्वर्णा’ से दर्शकों को परिचित कराया गया है. वीडियो के साथ मेकर्स ने लिखा, “इस महिला में एटीट्यूड तो बहुत है, लेकिन ग्रिटीट्यूड नहीं है. मिलिए ‘आदर्श कुटुंबम’ की दुनिया की खूबसूरत स्वर्णा से.”
वीडियो की शुरुआत वेंकटेश के किरदार चिट्टीबाबू से होती है. वह अपने एक साथी से अपनी पत्नी की शिकायत करते हुए कहते हैं कि आजकल की महिलाओं में सिर्फ एटीट्यूड है, शुक्रिया कहना नहीं आता. इसी दौरान उनकी नजर सामने वाली बालकनी में खड़ी एक महिला पर पड़ती है. वह मुस्कुराते हुए उनकी ओर हाथ हिलाती है. चिट्टीबाबू उसे देखकर कहते हैं कि महिला ऐसी होनी चाहिए, जो मुस्कुराकर बात करे.
फिर वह मजाकिया अंदाज में पत्नी का जिक्र करते हुए कहते हैं कि शादी वाले दिन फोटोग्राफर ने जब ‘स्माइल प्लीज’ कहा था, तब वह आखिरी बार मुस्कुराई थी. इसके बाद उसने कभी मुस्कुराकर नहीं देखा. वीडियो के आखिर में दिखाया जाता है कि स्वर्णा किसी और युवक को देखकर मुस्कुरा रही होती है. इसी मोड़ पर वीडियो खत्म हो जाता है और आगे की कहानी को लेकर सस्पेंस बना रहता है.
इस फिल्म से पहले भी मेकर्स लगातार नए अपडेट साझा कर रहे हैं. हाल ही में Actor रोहित नारा के फिल्म से जुड़ने की घोषणा की गई थी. उनके किरदार का पोस्टर भी रिलीज किया गया. पोस्टर को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह फिल्म में एक Police अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं. हालांकि उनके किरदार को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है.
फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
–
पीके/एबीएम
Skip to content