
इंदौर, 24 जून . ट्रांसपोर्टर राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद चर्चा में आए पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. राजा रघुवंशी के भाई सचिन रघुवंशी ने केतन अग्रवाल की हत्या को अपने भाई के मामले से जोड़ते हुए कहा कि दोनों घटनाओं में अपराध की योजना बनाने के तरीके में समानता दिखाई देती है.
सचिन रघुवंशी ने से बातचीत में केतन अग्रवाल के परिवार के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों से अपील की कि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाया जाए. उन्होंने कहा कि केतन अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी मौत से परिवार पर गहरा दुख आया है.
सचिन ने कहा, “यदि आरोपी को शादी नहीं करनी थी तो वह मना कर सकती थी, लेकिन हत्या जैसे कदम उठाने की जरूरत नहीं थी.” उन्होंने आरोप लगाया कि पहले के एक मामले में आरोपी को जल्दी राहत मिलने से अन्य लोगों के मन में भी कानून को लेकर गलत धारणा बन सकती है.
उन्होंने कहा, “सिया को अपना प्यार चाहिए था, लेकिन उसे यह जरूर सोचना चाहिए था कि केतन किसी का बेटा और भाई है. केतन अपने परिवार का इकलौता बेटा था. आज उसके परिवार पर क्या गुजर रही होगी.” उन्होंने यह भी कहा कि अगर पहले के मामले में सख्त कार्रवाई होती तो शायद ऐसी घटना दोबारा नहीं होती.
सचिन रघुवंशी ने बताया कि वह संभवतः पुणे जाकर केतन अग्रवाल के परिवार से मुलाकात करेंगे. वह खुद इस तरह की घटना का दर्द झेल चुके हैं, इसलिए पीड़ित परिवार की स्थिति को समझ सकते हैं.
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था पर लोगों का भरोसा बनाए रखना जरूरी है. सचिन ने कहा कि पहले वह सुनते थे कि कानून अंधा होता है, लेकिन अब उन्हें इस बात का अनुभव भी हुआ है.
वहीं, पुणे में केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच के बीच सोसाइटी के सिक्योरिटी मैनेजर शिव कुमार का बयान भी सामने आया है. उन्होंने आरोपी चेतन चौधरी को लेकर कहा कि वह उन्हें एक अच्छा लड़का लगता था. शिव कुमार ने बताया कि उन्हें चेतन की निजी जिंदगी या सिया के उसके संपर्क में होने की जानकारी नहीं थी.
शिव कुमार ने कहा कि चेतन काम खत्म करने के बाद अक्सर रात करीब 8 से 9 बजे के बीच घर लौट आता था. उन्होंने सिया को सोसाइटी में आते-जाते नहीं देखा था और इस मामले की जानकारी उन्हें घटना की खबर सामने आने के बाद ही हुई.
फिलहाल, Police मामले की जांच कर रही है और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
–
एससीएच/डीकेपी
Skip to content