बंगाल: चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में इस्तेमाल दूसरी बाइक बरामद, अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं

कोलकाता, 8 मई . पश्चिम बंगाल Police की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में इस्तेमाल दूसरी मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है. यह वारदात 6 मई की रात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में हुई थी.

शुरुआत में माना जा रहा था कि Wednesday रात भाजपा कार्यक्रम से लौट रहे रथ का पीछा केवल एक बाइक सवार हमलावर कर रहा था. लेकिन राज्य Police सूत्रों के मुताबिक, उनकी गाड़ी का पीछा दो मोटरसाइकिलें कर रही थीं.

पहली बाइक Thursday दोपहर मध्यमग्राम के दोहरिया क्रॉसिंग के पास एक सुनसान जगह से बरामद हुई थी. वहीं दूसरी बाइक Friday को उत्तर 24 परगना के ही बारासात इलाके में एक रेलवे फाटक के पास लावारिस हालत में मिली.

इससे पहले Police उस चार पहिया वाहन को भी बरामद कर चुकी है, जिसने रथ की गाड़ी का रास्ता रोका था. इसके बाद बाइक सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी के पास पहुंचकर बेहद करीब से कई राउंड फायरिंग की, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

हालांकि, मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.

चंद्रनाथ रथ की हत्या Wednesday रात करीब 10:30 बजे उस समय हुई, जब वह अपनी गाड़ी से मध्यमग्राम स्थित घर लौट रहे थे. इस हमले में उनके चालक बुद्धदेव बेरा भी गोली लगने से घायल हुए थे और उनका कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है.

जांच अधिकारियों को यह भी पता चला है कि रथ की गाड़ी को रोकने वाले चार पहिया वाहन और पहली बरामद बाइक दोनों की नंबर प्लेट फर्जी थीं. Police को शक है कि दूसरी बाइक की नंबर प्लेट भी नकली हो सकती है.

राज्य Police के एक सूत्र के अनुसार, हत्या जिस तरीके से अंजाम दी गई, उससे साफ है कि पूरी साजिश पहले से रची गई थी और रथ की गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी.

सूत्र ने बताया कि हमलावर ने जिस तरह गाड़ी के पास पहुंचकर करीब से कम से कम 10 राउंड फायरिंग की और तुरंत मौके से फरार हो गया, उससे संकेत मिलता है कि शूटर पेशेवर और अनुभवी था.

डीएससी