
बीजिंग, 8 मई . चीन के राष्ट्रीय बौद्धिक संपदा प्रशासन ने ‘2025 में चीन की बौद्धिक संपदा संरक्षण स्थिति’ शीर्षक से एक श्वेतपत्र जारी किया. श्वेतपत्र के अनुसार, वर्ष 2025 में चीन में बौद्धिक संपदा संरक्षण के परिणामों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया. बौद्धिक संपदा शासन की क्षमता और स्तर में लगातार वृद्धि हुई है. संरक्षण को लेकर समाज की संतुष्टि का स्कोर 82.81 अंक तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है.
न्यायिक संरक्षण को व्यापक रूप से मजबूत किया गया. देशभर की अदालतों ने बौद्धिक संपदा से जुड़े 4 लाख 73 हजार नए प्रथम-अदालती दीवानी मामले स्वीकार किए. अभियोजन प्राधिकरणों ने बौद्धिक संपदा उल्लंघन से जुड़े 6,220 मामलों की समीक्षा की, जबकि सार्वजनिक सुरक्षा प्राधिकरणों ने 26 हजार संबंधित आपराधिक मामलों की जांच की. बाजार पर्यवेक्षण विभागों ने बौद्धिक संपदा उल्लंघन के 37 हजार मामलों का निपटारा किया. वहीं, बौद्धिक संपदा प्रबंधन विभागों ने पेटेंट उल्लंघन विवादों से जुड़े 9,341 प्रशासनिक मामलों का समाधान किया.
संरक्षण प्रणाली में भी तेजी से सुधार हुआ. विदेशी बौद्धिक संपदा विवाद समाधान मार्गदर्शन मंच ने पूरे वर्ष के दौरान उद्यमों के लिए 2.75 अरब युआन की हानि की वसूली में मदद की.
संस्थागत निर्माण के क्षेत्र में भी ठोस प्रगति दर्ज की गई. चीन में बौद्धिक संपदा अधिकारों की कानूनी गारंटी को लगातार मजबूत किया गया. पूरे वर्ष के दौरान 18 कानूनों, विनियमों और नियमों में संशोधन या निर्माण किया गया, जबकि 2 न्यायिक व्याख्याएं जारी की गईं. नव संशोधित अनुचित प्रतिस्पर्धा विरोधी कानून और नई पौध किस्मों के संरक्षण संबंधी विनियम आधिकारिक रूप से लागू हो गए. ‘विदेशी बौद्धिक संपदा विवादों के निपटान संबंधी राज्य परिषद के विनियम’ भी प्रकाशित और लागू किए गए.
इसके अलावा, ट्रेडमार्क कानून का संशोधित मसौदा चीनी राष्ट्रीय जन प्रतिनिधि सभा की स्थायी समिति की पहली समीक्षा में पारित हो गया.
अनुमोदन और पंजीकरण प्रक्रिया की गुणवत्ता और दक्षता में भी सुधार देखने को मिला. वर्ष 2025 के अंत तक चीन में वैध आविष्कार पेटेंटों की संख्या 63 लाख 18 हजार तक पहुंच गई, जो 2024 की तुलना में 11.1 प्रतिशत अधिक है.
वैध पंजीकृत ट्रेडमार्कों की संख्या 6.5 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5 करोड़ 30 लाख 32 हजार हो गई. कॉपीराइट पंजीकरण की कुल वार्षिक संख्या 1 करोड़ 6 लाख 77 हजार रही. इसके अलावा, कुल 5,066 भौगोलिक संकेत उत्पादों को मान्यता दी गई. पूरे वर्ष में नई पौध किस्मों के अधिकारों के लिए 17,104 आवेदन प्राप्त हुए, जो सालाना आधार पर 15.26 प्रतिशत अधिक हैं.
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–
एबीएम/
Skip to content