र‍िहायशी इमारतों को न‍िशाना बना रहे रूसी ड्रोन और मिसाइल, खार्किव में दो लोगों की मौत: यूक्रेनी विदेश मंत्रालय

नई द‍िल्‍ली, 9 अगस्त . यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने आम नागर‍िक ढांचों पर रूस के हमलों की कड़ी न‍िंदा करते हुए कहा क‍ि रूस शांति के बजाय युद्ध का रास्ता चुन रहा है. रात भर यूक्रेन पर किए गए रूसी ड्रोन और मिसाइल हमलों में कई लोग मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं.

मंत्रालाय ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया क‍ि खार्किव क्षेत्र में रूस ने साल्टिव्का के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया. एक हमले में एक ऊंची रिहायशी इमारत की सातवीं से दसवीं मंजिल के बीच का हिस्सा तबाह हो गया. बचाव और राहत कार्य अब भी जारी है.

मंत्रालय के अनुसार, ओडेसा में शहर के कई इलाकों को नुकसान पहुंचा और हमलों के बाद कई जगह आग लग गई. शहर के बीचों-बीच स्थित एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भी आग लग गई. कई कारें भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं.

मंत्रालाय ने कहा क‍ि रूस पर और ज्यादा दबाव डालने की जरूरत है. ऐसे सख्त और प्रभावी प्रतिबंध लगाने होंगे जो रूस की हथियार बनाने की क्षमता को कमजोर करें और आम नागरिकों के खिलाफ हो रहे हमलों को रोकने में मदद करें.

वहीं, यूक्रेनी राष्‍ट्रपत‍ि वोलोदिमिर जेलेंस्‍की ने भी रूसी हमलों की न‍िंदा करते हुए सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट पर ल‍िखा, ”मुझे सेरही कोरेत्स्की, मिखाइलो ड्रापाती और विक्टर मिकीता से ओडेसा, खार्किव, पावलोह्राद और हमारे अन्य क्षेत्रों पर हुए रूसी हमलों के असर के बारे में रिपोर्ट मिली है.”

जेलेंसकी ने पोस्‍ट में आगे ल‍िखा, ”ओडेसा और उसके आसपास के क्षेत्र में लोगों की बिजली बहाल करने का काम जारी है. ऊर्जा ढांचे पर हुए इस गंभीर हमले के बाद सभी जरूरी सेवाएं काम में लगी हुई हैं. रात में रिहायशी इमारतों और बंदरगाह को भी नुकसान पहुंचा. रूस इसी तरह व्यवस्थित तरीके से वैश्विक खाद्य सुरक्षा को भी निशाना बना रहा है. अभी तक आठ लोगों के घायल होने की जानकारी है. सभी को जरूरी मदद दी जा रही है.”

जेलेंसकी ने बताया क‍ि खार्किव में एक ड्रोन के सीधे हमले से एक आम रिहायशी ऊंची इमारत की चार मंजिलें तबाह हो गईं. कई लोग घायल हुए हैं और दो लोगों की मौत हो गई है. मेरी संवेदनाएं उनके परिवारों के साथ हैं.

उन्‍होंने बताया क‍ि पावलोह्राद में एक शॉपिंग मॉल के पास और ऊर्जा ढांचे पर बेहद क्रूर हमला किया गया. शहर में नौ लोग घायल हुए, जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं. इसके अलावा झितोमिर, मायकोलाइव, कीव, खेरसोन, सुमी, खार्किव, द्नीप्रो, जापोरिज़्झिया और डोनेट्स्क क्षेत्रों पर भी हमले किए गए.

यूक्रेनी राष्‍ट्रपत‍ि ने कहा क‍ि रूस लगातार बैलिस्टिक मिसाइलों के जरिए आतंक फैलाने की रणनीति पर काम कर रहा है, और यह सिर्फ किसी एक शहर या इलाके तक सीमित नहीं है. केवल इस हफ्ते ही यूक्रेन के खिलाफ विभिन्न प्रकार की 61 मिसाइलें इस्तेमाल की गईं, जिनमें 56 बैलिस्टिक मार्ग पर चलने वाली मिसाइलें थीं. इसके अलावा 1,560 से अधिक हमलावर ड्रोन और 1,540 हवाई बम भी इस्तेमाल किए गए.

उन्‍होंने कहा क‍ि मानव जीवन पर होने वाला हर ऐसा हमला हमें एक बात लगातार याद दिलाता है कि रूस पर और अधिक दबाव बनाने की जरूरत है, उसके खिलाफ और कड़े प्रतिबंध लगाने की जरूरत है, और यूक्रेन को और बेहतर हवाई सुरक्षा की आवश्यकता है. जो लोग हमारी मदद कर रहे हैं, मैं उनका आभारी हूं.

एवाई/डीकेपी