
Mumbai , 11 जून . स्पेनिश सुपरस्टार मैनुअल मोरेनो रग्बी प्रीमियर लीग (आरपीएल) के दूसरे सीजन में हैदराबाद हीरोज की कमान संभालेंगे. मोरेनो को India के दमदार खिलाड़ी सुमित कुमार रॉय का साथ मिलेगा, जिन्हें टीम का उप-कप्तान बनाया गया है. यह लीग 16 जून से हैदराबाद के गाचीबोवली स्टेडियम में शुरू होगी.
मोरेनो को सेवन्स सीरीज के 14 सर्वश्रेष्ठ रग्बी खिलाड़ियों में चुना गया है. वह फिलहाल स्पेन की राष्ट्रीय टीम के लिए खेलते हैं. सुमित कुमार रॉय ने रग्बी प्रीमियर लीग (आरपीएल) में खुद को सबसे अहम भारतीय खिलाड़ियों में से एक के तौर पर स्थापित किया है. इस साल की शुरुआत में हुई नीलामी में उन पर सबसे ज्यादा बोली लगाई गई थी.
हैदराबाद में जर्सी लॉन्च इवेंट के दौरान मैनुअल मोरेनो ने कहा, “हैदराबाद हीरोज के साथ पहला सीजन बहुत ही संतोषजनक अनुभव रहा. मुझे इस टीम की कप्तानी करने पर गर्व है. पिछले सीजन में हमारा प्रदर्शन शानदार रहा था, लेकिन रग्बी प्रीमियर लीग में अभी कुछ काम बाकी है. एक बार फिर टीम की कप्तानी करने की जिम्मेदारी खास है. सुमित कुमार रॉय के साथ टीम की कप्तानी करना अलग-अलग लीडरशिप स्टाइल सीखने का एक अनोखा मौका है, जिसका एक ही मकसद हैदराबाद हीरोज को जीत दिलाना है.”
सुमित कुमार रॉय भारतीय रग्बी टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं और लगातार दूसरे सीजन में मोरेनो के साथ मिलकर टीम में अहम जिम्मेदारी संभालेंगे.
हैदराबाद हीरोज के उप-कप्तान सुमित कुमार रॉय ने कहा, “हैदराबाद हीरोज के साथ बने रहना मेरे लिए बहुत खास है और मुझे उम्मीद है कि इस बार का सीजन और भी सफल होगा. एक खिलाड़ी और लीडर के तौर पर मेरे विकास में हैदराबाद हीरोज का हमेशा से बहुत बड़ा योगदान रहा है और उन्होंने मुझे हमेशा प्रेरित किया है. दिग्गज डीजे फोर्ब्स का हेड कोच होना सम्मान की बात है और सीजन के दौरान हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता है. घरेलू टीम होने के नाते, मुझे उम्मीद है कि स्टेडियम रग्बी प्रेमियों से खचाखच भरे होंगे.”
हैदराबाद हीरोज ने रग्बी प्रीमियर लीग के पहले सीजन में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था. इस टीम की कोशिश दूसरे सीजन में पदक का रंग बदलने की होगी. हैदराबाद हीरोज 16 जून को लीग के पहले मैच में Bengaluru ब्रेवहार्ट्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी.
‘हैदराबाद हीरोज’ के पास एक बहुत मजबूत लाइनअप है, जिसमें इंटरनेशनल रग्बी के कुछ बड़े नाम और मजबूत भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं. इस टीम में मैनुअल मोरेनो, केविन वेकेसा, रीगन वेयर, मौरिस लॉन्गबॉटम, फ्रांसिस्को कोस्कुएलुएला, वोल्फ्राम हैकर, रावुआमा सेरुवाकुला, डिएगो अर्दाओ, ताइताइफोनो सेनियो तविता, संबित प्रधान, सुमित कुमार रॉय, शिवम शुक्ला, राजन रावत और मुहम्मद अनीस के शामिल हैं.
–
आरएसजी
Skip to content