दिल्ली में शराब की दुकान में लूट, लुटेरों ने कर्मचारियों को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार

New Delhi, 25 मई . दिल्ली के पहाड़गंज के व्यस्त बाजार क्षेत्र में स्थित एक सरकारी शराब की दुकान पर लूटपाट की कोशिश के दौरान बदमाशों ने कर्मचारियों पर फायरिंग कर दी. इस हमले में दो कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें एक को गोली लगी, जबकि दूसरे पर चाकू से हमला किया गया.

Police के अनुसार, घटना Saturday देर रात की है. हथियारों से लैस दो बदमाश दुकान में लूट के इरादे से घुसे थे. आरोपियों के पास पिस्तौल और चाकू था.

उन्होंने कर्मचारियों को डराकर नकदी और अन्य सामान लूटने की कोशिश की. इसी दौरान एक आरोपी ने चार गोलियां चलाईं. इनमें से तीन गोलियां निशाने से चूक गईं, जबकि एक गोली दुकान के एक कर्मचारी को जा लगी. वहीं दूसरे आरोपी ने एक अन्य कर्मचारी पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया.

हमलावरों ने तीसरे कर्मचारी का बटुआ भी लूट लिया, जिसमें करीब 1,500 रुपए नकद, आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद थे. हालांकि, दुकान के कर्मचारियों ने बदमाशों का डटकर विरोध किया, जिससे आरोपी घबरा गए और मौके से फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली Police और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. घायल कर्मचारियों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

Police ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया और आसपास लगे cctv कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में दोनों संदिग्धों की गतिविधियां कैद हो गईं. एक आरोपी नारंगी रंग की स्विगी टी-शर्ट और हेलमेट पहने दिखाई दिया, जबकि दूसरा काली टी-शर्ट और हेलमेट में नजर आया.

जांच में पता चला कि वारदात से कुछ घंटे पहले एक आरोपी दुकान पर आया था और उसने यूपीआई के जरिए बीयर की दो बोतलें खरीदी थीं. Police ने डिजिटल भुगतान के जरिए आरोपियों की पहचान की और उनके ठिकाने तक पहुंचने में सफलता हासिल की.

इसके बाद Police ने साहिबाबाद क्षेत्र में मोटरसाइकिल से भाग रहे दोनों आरोपियों का पीछा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. Police अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं.

एबीएम