‘सुशांत सिंह राजपूत केस’ से हुए ट्रॉमा पर रिया चक्रवर्ती बोलीं- ‘मैं अभी भी पूरी तरह उबर नहीं पाई हूं’

Mumbai , 25 जून . Actress रिया चक्रवर्ती ने दिवंगत Actor सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद के मुश्किल दौर को याद किया. नेहा धूपिया और अंगद बेदी के चैट शो ‘डबल डेट’ में उन्होंने अपने भाई शोविक चक्रवर्ती के साथ मिलकर उस समय की मानसिक स्थिति, डर और तनाव के बारे में खुलकर बात की.

दरअसल, रिया और शोविक चक्रवर्ती को साल 2020 में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने ड्रग्स केस से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया था. यह मामला सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़ी जांच के दौरान सामने आया था और उस समय देशभर में इस पर काफी चर्चा हुई थी.

शो के दौरान दोनों भाई-बहनों ने बताया कि उस घटना के बाद उनका जीवन पूरी तरह बदल गया. रिया ने कहा कि उस समय मानसिक तनाव, डर और सामाजिक दबाव इतना ज्यादा था कि जीवन जीना भी मुश्किल हो गया था. उस समय में जो कुछ हुआ, उसने हमें अंदर तक झकझोर दिया और उसका असर लंबे समय तक रहा.

शोविक चक्रवर्ती ने अपने पुराने जीवन को याद करते हुए कहा, ”एक समय पर मैं बिल्कुल अलग जिंदगी जी रहा था. मेरा सपना था कि मैं आईआईएम या व्हार्टन जैसे बड़े बिजनेस स्कूल में पढ़ाई करूं लेकिन अचानक सब कुछ बदल गया. लाइफ ने ऐसा मोड़ लिया जिसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी.”

शोविक ने कहा, ”कुछ घटनाएं ऐसी होती हैं जिन्हें कोई भी पहले से नहीं समझ सकता और मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ. एक सामान्य जीवन अचानक ऐसे संकट में बदल गया जिसकी मैंने उम्मीद नहीं की थी. इस बुरे अनुभव से बाहर आने में मुझे लगभग चार से पांच साल लगे.”

उन्होंने कहा, “आज भी कई बार मैं उन पलों को याद करता हूं और सोचता हूं कि वह सब मेरे साथ क्यों हुआ. इस घटना ने मेरी मानसिक स्थिति पर गहरा असर डाला है. मुझे ट्रॉमैटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर (पीटीएसडी) है. आज भी अगर दरवाजे की घंटी बजती है, तो मुझे पुराने दिन याद आ जाते हैं. उस समय ऐसा माहौल था कि हर छोटी आवाज भी हमें खतरे जैसी लगती थी.”

इसके बाद रिया चक्रवर्ती से जब पूछा गया कि क्या वह ट्रॉमा से पूरी तरह उबर पाई हैं. इस पर रिया ने कहा कि ऐसा अनुभव पूरी तरह खत्म नहीं होता. ट्रॉमा केवल दिमाग तक सीमित नहीं रहता बल्कि यह शरीर और भावनाओं में भी कहीं न कहीं बना रहता है. मैं धीरे-धीरे खुद को संभाल रही हूं. थेरेपी की मदद से आगे बढ़ने की कोशिश कर रही हूं लेकिन यह दर्द पूरी तरह मिटता नहीं है.

उन्होंने कहा कि यह अनुभव इसलिए और डरावना था क्योंकि यह सब कुछ सार्वजनिक रूप से हुआ. पूरे देश और मीडिया की नजरों में होने के कारण हर कोई हमारे बारे में राय बना रहा था. हालांकि हम दोनों ने धीरे-धीरे खुद को संभाला और जीवन में आगे बढ़ने की कोशिश की. शो ‘डबल डेट’ यूट्यूब पर स्ट्रीम होता है.

पीके/पीएम