एनएचएआई में ग्रेजुएट्स के लिए निकली भर्ती: मैनेजर सहित 60 पदों पर आवेदन जारी

New Delhi, 21 अगस्त . भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) में नौकरी करने के इच्छुक लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. एनएचएआई ने प्रतिनियुक्ति के आधार पर मैनेजर सहित कुल 60 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके वैकेंसी की घोषणा की है.

एनएचएआई की ओर से जारी 60 रिक्तियों में डिप्टी जनरल मैनेजर (टेक्निकल) के 30 और मैनेजर (टेक्निकल) 30 पद शामिल हैं. इन दोनों पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 20 अगस्त के सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 21 सितंबर तय की गई है. ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें एनएचएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा करने की सलाह दी जाती है.

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी या इंस्टीट्यूट से दोनों पोस्ट के लिए सिविल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री और डिप्टी जनरल मैनेजर (टेक्निकल) पद के लिए हाईवे, सड़क या पुल से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर के प्रोजेक्ट्स को लागू करने का 6 वर्ष का अनुभव और मैनेजर (टेक्निकल) पोस्ट के लिए हाईवे, सड़क या पुल से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर के प्रोजेक्ट्स को लागू करने का तीन वर्ष का अनुभव होना चाहिए.

आवेदकों की अधिकतम आयु दोनों पोस्ट के लिए 56 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसाक अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, लिखित परीक्षा/साक्षात्कार, दस्तावेजों की जांच और चयन समिति के द्वारा किया जाएगा, जिसके बाद डिप्टी जनरल मैनेजर (टेक्निकल) पोस्ट पर चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 78,800 से 2,09,200 रुपए के बीच और मैनेजर (टेक्निकल) पद के लिए 67,700 से 2,08,700 रुपए के बीच प्रति माह होगी.

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद कैंडिडेट्स को अपने जमा किए हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ डिप्टी जनरल मैनेजर (टेक्निकल) पद के लिए ‘डीजीएम (एचआर/एडमिन)-आई बी, नेशनल हाईवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया, प्लॉट नंबर जी5-86, सेक्टर-10, द्वारका, New Delhi-110075’ पते पर और मैनेजर (टेक्निकल) पोस्ट के लिए ‘डीजीएम (एचआर/एडमिन)-आई ए, नेशनल हाईवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया, प्लॉट नंबर जी5-86, सेक्टर-10, द्वारका, New Delhi-110075’ पते पते पर 20 अक्टूबर तक या उससे पहले डाक के माध्यम से पहुंचाना होगा.

डीके/पीएम