
Mumbai , 24 जुलाई . संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले राम संपत आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं. उन्होंने Bollywood को कई यादगार धुनें दी हैं, लेकिन उनकी सफलता की कहानी किसी फिल्मी सफर से कम नहीं है. एक समय था जब राम संपत विज्ञापनों के लिए छोटे-छोटे जिंगल तैयार किया करते थे और आज वही नाम हिंदी सिनेमा के बेहतरीन संगीतकारों में गिना जाता है.
राम संपत का जन्म 25 जुलाई, 1977 में Mumbai में हुआ था. उनके माता-पिता दोनों ही संगीत प्रेमी थे. बचपन से ही घर में संगीत का माहौल मिलने के कारण राम का झुकाव भी सुर और धुनों की दुनिया की तरफ बढ़ता गया. उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई Mumbai के ओएलपीएस हाई स्कूल से की और इसके बाद पोदार कॉलेज से कॉमर्स में स्नातक की डिग्री हासिल की.
संगीत के प्रति जुनून ने उन्हें विज्ञापन की दुनिया तक पहुंचाया. फिल्मों में आने से पहले राम संपत ने कई बड़े ब्रांड्स के लिए जिंगल बनाए. टाटा डोकोमो, एयरटेल, थम्स अप, पेप्सी, टाइम्स ऑफ इंडिया, सर्फ एक्सेल और कई अन्य कंपनियों के विज्ञापनों में उनकी बनाई धुनें लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुईं.
इसके बाद राम संपत ने फिल्मी दुनिया में कदम रखा. साल 2002 में आई फिल्म ‘लेट्स टॉक’ से उन्होंने बतौर संगीत निर्देशक अपना सफर शुरू किया. इसके बाद उन्होंने ‘खाकी’ और ‘फैमिली’ जैसी फिल्मों में संगीत दिया. हालांकि उन्हें असली पहचान साल 2011 में आई फिल्म ‘डेली बेली’ से मिली. इस फिल्म का संगीत युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ और राम संपत का नाम बड़े संगीतकारों की सूची में शामिल हो गया.
आमिर खान की फिल्म ‘तलाश: द आंसर लाइज विदिन’ के संगीत ने उनके करियर को और ऊंचाई दी. फिल्म के गाने दर्शकों और संगीत समीक्षकों दोनों को पसंद आए. इसके बाद उन्होंने ‘फुकरे’ जैसी फिल्मों में भी शानदार संगीत दिया. फिल्म का गाना ‘अंबरसरिया’ आज भी लोगों की पसंदीदा सूची में शामिल है. इस गाने को उनकी पत्नी और मशहूर गायिका सोना मोहपात्रा ने आवाज दी थी.
राम संपत और सोना मोहपात्रा की जोड़ी संगीत की दुनिया में काफी चर्चित रही है. दोनों ने कई प्रोजेक्ट्स में साथ काम किया है और अपनी अलग शैली के लिए जाने जाते हैं. राम संपत की खासियत यह है कि वह भारतीय लोक संगीत को रॉक, पॉप, फंक और इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक के साथ मिलाकर कुछ नया तैयार करने में माहिर हैं.
फिल्मों के अलावा राम संपत ने टेलीविजन की दुनिया में भी अपनी छाप छोड़ी. साल 2009 में उन्होंने म्यूजिक रियलिटी शो ‘एमटीवी रॉक ऑन’ से टीवी पर कदम रखा. इसके बाद आमिर खान के चर्चित सामाजिक कार्यक्रम ‘सत्यमेव जयते’ के लिए उन्होंने थीम म्यूजिक और कई यादगार गाने तैयार किए.
–
पीआईएम/एएस
Skip to content