‘मोर सब दा बनुगा’ के लिए पूरी तरह बदले राहुल देव, कहा- ‘यह रोल अनुशासन और समर्पण मांगता है’

Mumbai , 16 अप्रैल . फिल्मों में किसी किरदार को पर्दे पर जीवंत बनाने के लिए कलाकार को पूरी तरह बदलना पड़ता है. कई बार यह बदलाव शारीरिक होता है, तो कई बार मानसिक रूप से भी गहराई से उतरना पड़ता है. ऐसे में अनुभवी Actor राहुल देव ने अपनी भावनाओं को साझा किया, जो आने वाले प्रोजेक्ट में अपने किरदार के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं.

राहुल देव इन दिनों पंजाबी फिल्म ‘मोर सब दा बनुगा’ की तैयारी में जुटे हुए हैं, जिसमें उनके साथ प्रिंस कवलजीत सिंह भी नजर आएंगे. इस फिल्म में राहुल ‘राणा’ नाम के किरदार को निभा रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने खुद को पूरी तरह बदलने की कोशिश की है. इस पर उन्होंने कहा, ”यह रोल सिर्फ एक्टिंग का नहीं, बल्कि पूरी तरह समर्पण और अनुशासन का है, जिसके लिए मैं खुद को हर स्तर पर तैयार कर रहा हूं.”

राहुल देव ने बताया कि उन्होंने अपने इस किरदार को असली दिखाने के लिए कई खास कदम उठाए हैं. उन्होंने कहा, “मैंने गांव में बोली जाने वाली पंजाबी भाषा को सीखने और उसे सही तरीके से बोलने के लिए काफी समय दिया, ताकि मेरा किरदार बिल्कुल सच्चा लगे. इसके अलावा मैंने इस फिल्म में बिना मेकअप के काम करने का फैसला लिया, जिससे मेरा लुक नेचुरल दिखाई दे.”

भाषा और लुक के अलावा, राहुल देव ने अपनी फिटनेस पर भी खास ध्यान दिया. उन्होंने कहा, ”मैंने एक सख्त डाइट फॉलो की और कड़ी ट्रेनिंग की, ताकि मेरा शरीर मेरे किरदार के मुताबिक दिख सके. इन सब कदमों के पीछे मेरा मकसद यही है कि दर्शकों को मेरा किरदार पूरी तरह असली लगे और वे इससे जुड़ाव महसूस कर सकें.”

अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए राहुल देव ने कहा, ”यह किरदार पूरी मेहनत और अनुशासन की मांग करता है. मैं खुद को एक ऐसे स्तर पर ले जाने की कोशिश कर रहा हूं, जहां मेरा अभिनय और किरदार की सच्चाई एक साथ नजर आए. मेरा मानना है कि भूमिका के लिए सिर्फ एक खास लुक बनाना ही काफी नहीं होता, बल्कि उस किरदार को अंदर से महसूस करना सबसे जरूरी होता है.”

फिल्म ‘मोर सब दा बनुगा’ की कहानी भी काफी दमदार बताई जा रही है. इसकी टैगलाइन है, ‘छोटे घरों में जन्म, लेकिन बड़े काम करने के लिए बने.’ फिल्म आम लोगों के बड़े सपनों और संघर्ष की कहानी दिखाएगी. यह एक क्राइम-थ्रिलर है, जिसमें सत्ता, बदला और टकराव जैसे मुद्दों को दिखाया जाएगा. इस फिल्म को आशीष कुमार ने लिखा और निर्देशित किया है, जबकि इसमें दीप सहगल भी अहम भूमिका में नजर आएंगे. इस फिल्म को साल के आखिर में रिलीज करने की योजना है.

पीके/एबीएम