
बैंगलोर, 29 अप्रैल . भारतीय सिनेमा पिछले कुछ सालों में अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के बीच भी अपनी जगह बना रहा हैं. ऐसे दौर में फिल्ममेकर्स अब अपनी फिल्मों को बड़े स्तर पर पेश करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि भारतीय सिनेमा की पहुंच और ज्यादा बढ़ सके. इसी बीच यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. फिल्म के मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ाने का फैसला किया है. पहले यह फिल्म 4 जून को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसे नई तारीख पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा.
फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास कर रही हैं. फिल्म को केवीएन प्रोडक्शन्स और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं. मेकर्स ने Wednesday को आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि फिल्म की रिलीज फिलहाल टाल दी गई है और नई रिलीज डेट का ऐलान जल्द किया जाएगा.
बताया जा रहा है कि यह फैसला फिल्म को मिले शानदार अंतरराष्ट्रीय रिस्पॉन्स के बाद लिया गया है. हाल ही में फिल्म को सिनेमाकॉन में पेश किया गया था, जहां इसे ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूटर्स और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की ओर से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली. फिल्म को लेकर विदेशी बाजार में भी काफी दिलचस्पी दिखाई गई है. इसी वजह से मेकर्स अब फिल्म को और बड़े स्तर पर रिलीज करने की योजना बना रहे हैं.
फिल्म के लीड स्टार यश ने भी इस फैसले को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा, ”कुछ फिल्में सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं बनतीं, बल्कि वे कलाकारों को यह एहसास दिलाती हैं कि उन्हें सिनेमा से इतना प्यार क्यों है. ‘टॉक्सिक’ मेरे लिए ऐसी ही खास फिल्म है. सिनेमाकॉन में फिल्म को मिला प्यार और सराहना देखकर मुझे बेहद खुशी हुई. यह फिल्म दुनिया भर के दर्शकों तक बड़े स्तर पर पहुंचनी चाहिए.”
यश ने कहा, ”फिल्म पूरी तरह तैयार है. इस समय हमारी टीम ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन और इंटरनेशनल पार्टनरशिप को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है. इसी कारण फिल्म की रिलीज डेट को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है.”
यश ने भारतीय सिनेमा के बढ़ते प्रभाव पर भी अपने विचार रखे. उन्होंने कहा, ”आज भारतीय फिल्म इंडस्ट्री दुनिया के सामने अपनी अलग पहचान बना रही है, और ऐसे समय में हर कलाकार और फिल्ममेकर की जिम्मेदारी है कि वह बेहतर स्तर का काम पेश करे. एक Actor और निर्माता के तौर पर मैं चाहता हूं कि ‘टॉक्सिक’ दुनिया भर में उसी प्रभाव के साथ पहुंचे, जिसकी यह हकदार है.”
यश ने अपने फैंस का धन्यवाद भी किया. उन्होंने कहा, ”हर बदलाव और हर फैसले में फैंस ने हमारा साथ दिया है. कुछ कहानियों को सही तरीके से दुनिया के सामने लाने के लिए समय और धैर्य की जरूरत होती है. यह फिल्म भारतीय सिनेमा के लिए गर्व का पल साबित होगी.”
‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ फिल्म को कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट किया गया है, जबकि इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा.
–
पीके/पीएम
Skip to content