पूर्व की सरकारों ने अनुसूचित जनजाति की चिंता नहीं की : अर्जुन मुंडा

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक

-भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू, मोर्चे का विस्तार बूथ स्तर तक करने का संकल्प

-लोकसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुट जाएं : भूपेन्द्र चौधरी

वाराणसी, 11 मार्च । लोकसभा चुनाव 2024 और नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने भी तैयारी शुरू कर दी है। दोनों चुनावों में पार्टी को प्रचंड बहुमत दिलाने के लिए जनजातीय मोर्चे का विस्तार बूथ स्तर तक करने के लिए पदाधिकारियों ने संकल्प लिया है। वाराणसी में शनिवार से आयोजित मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भी इसको लेकर मंथन हुआ।

दो दिवसीय बैठक के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय जनजाति कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार निरंतर अनुसूचित जनजाति वर्ग के उत्थान का कार्य कर रही है। प्रदेश के चार जिलों में निवासरत गोंड समुदाय को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल किया गया। केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार जनजातियों के आर्थिक व सामाजिक विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में अनुसूचित जनजाति के विकास को लेकर तमाम दावे किए गए मगर धरातल पर कुछ भी नहीं हुआ। पहले की सरकारों ने हमारी जनजाति के विकास के लिए कोई चिंता नहीं की। उन लोगों ने सिर्फ अपनी चिंता की। इसी का परिणाम है कि आज भी जनजाति समूह का समुचित विकास नहीं हो सका।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में प्रथम बार अनुसूचित जनजाति के विकास के लिए पृथक मंत्रालय बनाया गया। उन्होंने कहा कि वर्षों बाद केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी। इस सरकार ने पं दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय की परिकल्पना को साकार करते हुए सबका साथ सबका विकास के मंत्र को चरितार्थ करते हुए सुदूर अंचलों में निवास करने वाले बनवासी, गिरिवासी, आदिवासी समाज को मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया। मोदी सरकार ने 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निश्चय कर समस्त जनजाति समाज का गौरव बढ़ाया है।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने मोर्चा के कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए जनजातीय मोर्चे का विस्तार बूथ स्तर तक कैसे हो इसका गुर भी बताया। भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनाव एवं 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुट जाएं। सामाजिक समीकरण को ध्यान में रखकर बूथ पर मजबूत टीम बनाए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की योजनाओं को घर-घर जाकर बताएं। लोगों से मिलकर संगठन को मजबूत बनाएं।

भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि हमारी विचारधारा देश की संस्कृति और परंपरा को लेकर आगे बढ़ने की है। सरकार बनाने में सभी का योगदान है। हम सभी को साथ लेकर चलेंगे। देश समाज के लिए आदिवासियों ने महत्वपूर्ण योगदान किया है। रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित पहले दिन की बैठक पांच सत्रों में चली। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव भी रखा गया। स्वागत भाषण अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजय गोंड और संचालन प्रदेश महामंत्री विद्याभूषण गोंड ने किया।

पार्टी के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के 12 मार्च को समापन सत्र में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी राधामोहन सिंह उपस्थित रहेंगे।

-बैठक में इनकी रही उपस्थिति

बैठक में सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, अजगरा विधायक टी राम, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश, मीना चौबे, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री कालीराम आदि की उपस्थिति रही।

/श्रीधर