‘ऑरेंज आर्मी’ के सामने खेलना हमेशा खास होता है: अभिषेक शर्मा

हैदराबाद, 21 अप्रैल . सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने Tuesday को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के विरुद्ध 68 गेंदों में 10 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 135 रन की नाबाद पारी खेली. उनकी इस इनिंग के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 31वें मैच में 242/2 का स्कोर खड़ा किया. अभिषेक शर्मा ने शानदार शतक का श्रेय अपनी भूमिका में स्पष्टता और टीम के साथियों के सहयोग को दिया है. ‘ऑरेंज आर्मी’ के सामने खेलना उनके इस प्रयास को और भी खास बनाता है.

अभिषेक के तूफानी, लेकिन सोचे-समझे शतक ने टीम को मजबूत स्कोर बनाने में मदद की. अभिषेक ने घरेलू मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करने के महत्व पर जोर देते हुए अंतिम ओवरों में विपक्षी टीम की गेंदबाजी को सराहा है.

शानदार पारी खेलने के बाद अभिषेक ने कहा, “मेरा मतलब है, बेशक ऑरेंज आर्मी के सामने खेलना हमेशा खास होता है. जिस तरह से उन्होंने आखिरी ओवरों में गेंदबाजी की, मुझे लगा कि वे अपनी योजनाओं को ठीक से लागू कर रहे थे. मुझे लगता है कि मैंने आखिरी ओवरों में बल्लेबाजी का ज्यादा अभ्यास नहीं किया है, लेकिन जिस तरह से (हेनरिक) क्लासेन ने खेला, उससे हमें उस स्कोर तक पहुंचने में मदद मिली.”

इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने बताया कि जब उन्होंने तेजी से रन बनाने की कोशिश शुरू की, तो क्लासेन ने उन्हें शांत और संयमित रहने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने कहा, “वह बस चाहते थे कि मैं अपनी बल्लेबाजी की लय बनाए रखूं. मैं चौके-छक्के लगाने की बहुत ज्यादा कोशिश कर रहा था. ऐसा इसलिए था क्योंकि मैं आखिरी ओवरों में ज्यादा बल्लेबाजी नहीं करता हूं. मैं बस उन्हें स्ट्राइक देना चाहता था, क्योंकि हम जानते हैं कि आखिरी ओवरों में वह कितने खतरनाक हो सकते हैं.”

अभिषेक ने बताया कि पूरे 20 ओवर बल्लेबाजी करना कोच डेनियल विटोरी (फ्रैंकी) के साथ मैच से पहले बनाई गई योजना का हिस्सा था. उन्होंने कहा, “बात बस इतनी है कि मेरी फ्रैंकी के साथ एक योजना थी और वह चाहते थे कि मैं 20 ओवर तक बल्लेबाजी करूं. मुझे लगता है कि ऐसा पहली बार है, जब मैंने पूरे 20 ओवर बल्लेबाजी की है. विकेट बहुत आसान नहीं था, लेकिन अगर आप अच्छी क्रिकेट खेलते हैं, तो उस टीम में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. उस स्कोर का बचाव करने के लिए आपको भी अच्छा खेलना होगा.”

उन्होंने हंसते हुए कहा, “हम अभी भी इसे समझने की कोशिश कर रहे हैं. मुझे लगता है कि 220-230 से ऊपर का स्कोर एक अच्छा टोटल है. टॉप-3 बल्लेबाजों में से किसी एक को आखिर तक बल्लेबाजी करनी होगी और हर मैच में हमारी यही योजना होती है.”

आरएसजी