
नोएडा, 25 मई . उत्तर प्रदेश की आर्थिक राजधानी और ‘शो विंडो’ कहे जाने वाले नोएडा में पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी के बाद अब पेट्रोल संकट भी गहराता नजर आ रहा है. शहर के कई इलाकों में पेट्रोल की सप्लाई अचानक बाधित हो जाने से वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. खासकर दोपहिया वाहन चालकों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं.
ताजा मामला सेक्टर-68 स्थित एक पेट्रोल पंप का है, जहां सुबह से ही पेट्रोल लेने वालों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. पेट्रोल पंप पर ईंधन खत्म होने की सूचना मिलते ही लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कई लोग घंटों लाइन में खड़े रहे, लेकिन उन्हें पेट्रोल नहीं मिल सका.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल की कमी की वजह से उन्हें अपने वाहनों को सड़क पर धक्का देकर ले जाना पड़ रहा है. पेट्रोल पंप के बाहर कई युवक और नौकरीपेशा लोग अपनी मोटरसाइकिलों को घसीटते हुए नजर आए. लोगों ने बताया कि अचानक सप्लाई रुकने से उन्हें ऑफिस जाने, बच्चों को स्कूल छोड़ने और जरूरी कामों में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
कुछ वाहन चालकों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पहले से ही पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों ने आम आदमी की कमर तोड़ रखी है, ऊपर से अब पेट्रोल की कमी ने हालात और खराब कर दिए हैं.
लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो शहर में और बड़े स्तर पर परेशानी खड़ी हो सकती है. बताया जा रहा है कि फेस-3 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस इलाके में अचानक सप्लाई प्रभावित होने के कारण यह स्थिति पैदा हुई. हालांकि पेट्रोल पंप संचालकों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. वहीं प्रशासन भी हालात पर नजर बनाए हुए है.
–
पीकेटी/डीकेपी
Skip to content