पटना: जन सुराज ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग

Patna, 17 जुलाई . बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर जन सुराज पार्टी ने चुनावी प्रक्रिया में निष्पक्षता बनाए रखने की मांग करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) को एक ज्ञापन सौंपा. पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की जा रही है. पार्टी के उम्मीदवार और संस्थापक प्रशांत किशोर को निशाना बनाते हुए भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्टर लगाए जा रहे हैं. साथ ही, पार्टी के बैनर- झंडे हटाए जा रहे हैं और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की आशंका पैदा करने वाली गतिविधियां देखने को मिल रही है.

जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय शिष्टमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर चार प्रमुख मुद्दों पर चुनाव आयोग का ध्यान आकर्षित किया और तत्काल कार्रवाई की मांग की.

ज्ञापन सौंपने के बाद मनोज भारती ने से बातचीत में बताया कि आचार संहिता लागू होने के बाद विपक्षी दलों की ओर से की जा रही गतिविधियों को लेकर पार्टी ने गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है. बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में जन सुराज के उम्मीदवार के खिलाफ भ्रामक और गलत पोस्टर लगाए जा रहे हैं, जिसका उद्देश्य मतदाताओं को भ्रमित करना और चुनावी माहौल को प्रभावित करना है. उन्होंने चुनाव आयोग से ऐसे पोस्टर लगाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ First Information Report दर्ज करने की मांग की.

उन्होंने दूसरा मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा स्थानीय लोगों की अनुमति से लगाए गए झंडे और पोस्टर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जबरन हटाए जा रहे हैं और उनकी जगह भाजपा के झंडे एवं पोस्टर लगाए जा रहे हैं. भारती ने इसे चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए चुनाव आयोग से ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. ज्ञापन में तीसरे बिंदु के रूप में पार्टी ने पिछले चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि जीविका दीदियों का बूथ के भीतर और बाहर चुनावी प्रक्रिया में इस्तेमाल किए जाने को लेकर पहले भी सवाल उठे थे. जन सुराज ने आयोग से आग्रह किया कि इस बार जीविका कार्यकर्ताओं को चुनावी ड्यूटी या मतदान प्रक्रिया से जुड़े किसी भी कार्य में शामिल न किया जाए, ताकि मतदान पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके.

वहीं, चौथे और अंतिम बिंदु में पार्टी ने अर्धसैनिक बलों की तैनाती को लेकर सुझाव दिया. मनोज भारती ने कहा कि चुनाव की सुरक्षा के लिए अर्धसैनिक बलों की तैनाती आवश्यक है, लेकिन उन्हें मतदान केंद्र के बाहर ही रखा जाना चाहिए. बूथ के अंदर उनकी उपस्थिति की आवश्यकता नहीं होती. उन्होंने चुनाव आयोग से इस पहलू पर भी गंभीरता से विचार करने का अनुरोध किया.