पोषक तत्वों से भरपूर पपीता, हड्डियों को बनाए मजबूत, बालों के लिए भी है फायदेमंद

New Delhi, 6 मई . पोषक तत्वों से भरपूर पपीता सेहत के लिए वरदान साबित होता है. यह न सिर्फ स्वाद में मीठा और रसीला बल्कि इसमें मौजूद विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचाते हैं.

India Government का आयुष मंत्रालय पपीते के स्वास्थ्यवर्धक गुणों पर विशेष जानकारी साझा करते हुए सेवन की सलाह देता है. पपीता विटामिन ए, सी, ई, फोलेट, पोटैशियम और फाइबर का अच्छा स्रोत है. रोजाना पपीता खाने से शरीर स्वस्थ और ऊर्जावान रहता है. विशेष रूप से यह हड्डियों को मजबूत बनाने और बालों की सेहत सुधारने में बेहद उपयोगी है. पपीते में कई स्वास्थ्यवर्धक गुण पाए जाते हैं और इसके सेवन से सेहत को कई लाभ मिलते हैं.

पपीते में पाए जाने वाला पेपेन एंजाइम भोजन को आसानी से पचाने में मदद करता है. इससे कब्ज, गैस और अपच जैसी समस्याएं दूर होती हैं. नियमित रूप से पपीता खाने से पेट स्वस्थ रहता है और पाचन तंत्र मजबूत बनता है. यह संक्रमण को भी दूर रखता है.

पपीते में भरपूर मात्रा में विटामिन सी पाया जाता है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाता है. इससे सर्दी-जुकाम, वायरल संक्रमण और अन्य बीमारियों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है.

पपीते के एंटीऑक्सीडेंट त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाते हैं. यह मुंहासे, दाग-धब्बों को कम करने और त्वचा की उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करने में मदद करता है. साथ ही हड्डियों को भी मजबूत बनाता है. पपीते में मौजूद विटामिन के और कैल्शियम हड्डियों की घनत्व बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. इससे हड्डियां मजबूत होती हैं और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं का खतरा कम होता है. खासकर बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह बहुत फायदेमंद है. यही नहीं पपीता बालों को झड़ने से बचाता है, उन्हें मजबूत और चमकदार बनाता है. इसमें मौजूद विटामिन ए और ई बालों की जड़ों को पोषण देते हैं और रूसी जैसी समस्या को भी नियंत्रित करते हैं.

आयुष विभाग के अनुसार, पपीता न सिर्फ पका हुआ बल्कि कच्चा (सब्जी के रूप में) भी खाया जा सकता है. इसका नियमित सेवन स्वास्थ्य को कई लाभ देता है. हालांकि, किसी गंभीर बीमारी में डॉक्टर की सलाह अवश्य लें.

एमटी/डीकेपी