
New Delhi, 3 जून . ‘फीफा वर्ल्ड कप’ में अब तक कुल 22 संस्करण का आयोजन हुआ है. सिर्फ 7 ही ऐसी टीमें हैं, जिन्होंने इस विश्व कप में 100 गोल के आंकड़े को छुआ. आइए, फीफा वर्ल्ड कप में गोल का शतक लगाने वाले इन देशों के बारे में जानते हैं.
ब्राजील: फीफा वर्ल्ड कप के सभी 22 संस्करण में उतरने वाले इस इकलौते देश ने अब तक कुल 114 मैच खेले हैं, जिसमें 237 गोल दागे. ब्राजील सर्वाधिक पांच खिताब जीतने वाला देश है. ब्राजील ने साल 1958, 1962, 1970, 1994 और 2002 में यह खिताब जीता था. इस दौरान दिग्गज फुटबॉलर रोनाल्डो नजारियो ने सर्वाधिक 15 गोल दागे.
जर्मनी: इस देश ने 20 बार फीफा वर्ल्ड कप खेला, जिसके 112 मुकाबलों में 232 गोल दागे. साल 1954, 1974, 1990 और 2014 में फीफा वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाले इस देश के लिए मिरोस्लाव क्लोज ने सर्वाधिक 16 गोल किए हैं.
अर्जेंटीना: 18 बार फीफा वर्ल्ड कप में उतर चुके इस देश ने कुल 88 मैच खेले हैं, जिसमें 152 गोल किए. अर्जेंटीना तीन बार फीफा वर्ल्ड कप खिताब (1978, 1986 और 2022) अपने नाम कर चुका है. इस देश के लिए लियोनेल मेसी ने सर्वाधिक 13 गोल किए हैं.
फ्रांस: इस देश ने अब तक 16 बार फीफा वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया है, जिसके 73 मुकाबलों में कुल 136 गोल दागे. साल 1998 और 2018 के चैंपियन देश के लिए जस्ट फोंटेन (13) सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी रहे हैं.
इटली: 18 बार फीफा वर्ल्ड कप में खेलने वाले इस देश ने 83 मुकाबलों में 128 गोल किए हैं. इटली ने साल 1934, 1938, 1982 और 2006 का खिताब अपने नाम किया. इटली के लिए सर्वाधिक गोल दागने वाले खिलाड़ियों में क्रिश्चियन विएरी, पाओलो रॉसी, रॉबर्टो बैगियो संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 9-9 गोल किए.
स्पेन: यह देश 16 बार फीफा वर्ल्ड कप खेला है, जिसमें 67 मुकाबलों में 108 गोल किए. साल 2010 के विजेता के लिए डेविड विला (9) सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं.
इंग्लैंड: अब तक 16 बार फीफा वर्ल्ड कप खेल चुके इस देश ने 74 मुकाबलों में 104 गोल किए हैं. इंग्लैंड ने अपना पहला और एकमात्र फीफा वर्ल्ड कप 1966 में जीता था. इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक गोल दागने वाले खिलाड़ियों में गैरी लिनेकर (10) शीर्ष पर हैं.
–
आरएसजी
Skip to content