महाकाल के दर्शन करने पर लगा जैसे वह मुस्कुरा रहे हों : भारती सिंह

New Delhi, 5 मार्च . मनोरंजन की दुनिया में कई ऐसे कलाकार हैं, जो अपनी निजी जिंदगी के अलावा, आध्यात्मिक अनुभव भी साझा करते रहते हैं. इस बीच मशहूर कमीडियन और टीवी होस्ट भारती सिंह ने महाकालेश्वर मंदिर की यात्रा के अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने महाकाल के दर्शन किए, तो ऐसा लगा जैसे महादेव मुस्कुरा रहे हों.

दरअसल, भारती सिंह ने अपने यूट्यूब व्लॉग में उज्जैन यात्रा से जुड़ा एक खास अनुभव साझा किया. उन्होंने कहा कि महाकाल मंदिर में बिताया गया वह समय उनके जीवन के सबसे बेहतरीन आध्यात्मिक पलों में से एक था.

भारती ने कहा, ”जब मैं मंदिर के अंदर पहुंचीं और महादेव के दर्शन किए, तो मेरा दिल भर आया. मंदिर में बजती घंटियों की आवाज, मंत्रों की गूंज और लोगों की आस्था को देख दिल खुश हो गया. उस समय ऐसा महसूस हुआ जैसे भगवान महादेव मेरे सामने खड़े हों.”

उन्होंने कहा, ”मैं उस पल बहुत ज्यादा भावुक हो गई थी और बहुत ज्यादा रोने लगी थी. महाकाल मंदिर का अनुभव हर भक्त के लिए बेहद खास होता है. जब कोई भक्त महाकाल के दर्शन करता है, तो उसे एक अलग ही शांति महसूस होती है.”

भारती ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर कभी मौका मिले तो हर किसी को कम से कम एक बार महाकालेश्वर मंदिर में जरूर जाना चाहिए. वहां जाने के बाद ऐसा लगता है जैसे भगवान खुद हमें जीवन में आगे बढ़ने की राह दिखा रहे हों.

भारती सिंह ने मंदिर में होने वाली आरती का जिक्र करते हुए कहा कि जब आरती का समय आता है और मंदिर की रोशनी कुछ पल के लिए हल्की हो जाती है, तब वहां का माहौल और भी ज्यादा आध्यात्मिक हो जाता है. उस समय भक्त पूरी श्रद्धा के साथ भगवान शिव की आराधना करते हैं. जब मैंने शिवलिंग की ओर देखा, तो मुझे ऐसा लगा जैसे महादेव मुस्कुरा रहे हों और मुझे आशीर्वाद दे रहे हों.

उस पल को याद करते हुए भारती ने कहा, ”मुझे बार-बार सिहरन महसूस हो रही थी और मैं खुद को रोने से रोक नहीं पाई. इसके बाद मन में एक अलग तरह की शांति महसूस हुई. ऐसा लगा जैसे महादेव मुझसे कह रहे हों कि जीवन में चाहे कितनी भी मुश्किलें आएं, इंसान को मुस्कुराते हुए आगे बढ़ते रहना चाहिए.”

पीके/पीयूष