नॉर्वे शतरंज: कार्लसन से हारे वर्ल्ड चैंपियन गुकेश, दिव्या और हंपी को भी करना पड़ा हार का सामना

ओस्लो, 29 मई . नॉर्वे शतरंज के चौथे राउंड में Friday को ‘वर्ल्ड नंबर 1’ मैग्नस कार्लसन और मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन गुकेश डोम्माराजू के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबले का निर्णायक नतीजा सामने आया.

ओस्लो में एक और रोमांचक दिन देखने को मिला, जिसमें काले मोहरों से खेलते हुए, कार्लसन ने एक जटिल खेल में धीरे-धीरे गुकेश को मात दे दी. खेल के अधिकांश समय तक स्थिति संतुलित बनी रही, लेकिन मिडिल-गेम में नॉर्वे के इस सितारे ने अपना मौका भुना लिया. बढ़ते दबाव और समय की कमी के चलते, गुकेश अपनी स्थिति को संभाल नहीं सके, जिससे कार्लसन को एक महत्वपूर्ण क्लासिकल जीत हासिल करने का मौका मिल गया.

इस जीत से कार्लसन को टूर्नामेंट की प्वाइंट्स टेबल में अहम अंक मिले, क्योंकि वह अपनी घरेलू सरजमीं पर धीमी शुरुआत से उबरने की कोशिश कर रहे हैं. ओपन टूर्नामेंट के शेष दो गेम कड़ी टक्कर के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुए.

कोनेरू हंपी और झू जिनर के बीच मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ. इस खेल में कोई भी खिलाड़ी निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सका. बाद में झू जिनर ने आर्मागेडन गेम में जीत हासिल करते हुए अतिरिक्त अंक जुटाए.

वेस्ली सो और अलीरेजा फिरोजजा के बीच एक रणनीतिक मुकाबला हुआ, जिसे दोनों में से कोई भी खिलाड़ी निर्णायक मोड़ तक लेकर नहीं जा सका, और अंततः गेम ड्रॉ पर समाप्त हुआ. बाद में वेस्ली ने आर्मागेडन गेम में जीत हासिल की और अतिरिक्त अंक अपने नाम किए.

विंसेंट कीमर और प्रग्गनानंदा के बीच एक संतुलित मुकाबला देखने को मिला, जिसमें दोनों पक्षों को जीत के मौके मिले, लेकिन अंत में खेल ड्रॉ पर समाप्त हुआ. प्रग्गनानंदा ने बाद में आर्मागेडन गेम में जीत हासिल करते हुए अतिरिक्त अंक हासिल किए.

चौथे राउंड के बाद, फिरोजजा टूर्नामेंट में बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि कार्लसन की जीत ने प्वाइंट्स टेबल में उनकी स्थिति को काफी मजबूत कर दिया है. नॉर्वे शतरंज विमेंस टूर्नामेंट में तीन कड़े मुकाबले वाले क्लासिकल गेम खेले गए, जो सभी ड्रॉ पर समाप्त हुए और बाद में आर्मागेडन के जरिए उनके नतीजे निकले.

वर्ल्ड चैंपियन जू वेनजुन और बिबिसारा असाउबायेवा के बीच भी क्लासिकल मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ. असाउबायेवा को थोड़ी बढ़त मिली थी, लेकिन जू ने बचाव करते हुए खेल को संतुलित बनाए रखा. आखिरकार, असाउबायेवा ने आर्मागेडन खेल में जीत हासिल की और अतिरिक्त अंक अपने नाम किए.

तीसरे मुकाबले में, दिव्या देशमुख और अन्ना मुजिचुक के बीच एक जटिल संघर्ष देखने को मिला. दिव्या ने खेल के बीच के ज्यादातर हिस्से में बढ़त बनाए रखी, लेकिन मुजिचुक ने सूझ-बूझ से बचाव किया और आखिर में खेल ड्रॉ पर खत्म हुआ. इसके बाद मुजिचुक ने आर्मागेडन गेम जीतकर कीमती अंक हासिल किए.

चौथे राउंड के बाद, असाउबायेवा ‘नॉर्वे चेस वीमेन’ में अभी भी सबसे आगे हैं, जबकि अन्ना मुजिचुक, दिव्या देशमुख और झू जिनर उनसे ज्यादा पीछे नहीं हैं.

आरएसजी