नोएडा: समलैंगिक संबंध के चलते हुई थी महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

नोएडा, 16 अप्रैल . नोएडा के थाना सेक्टर-113 क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसमें Police ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का सफल खुलासा किया है.

यह घटना ग्राम सर्फाबाद की है, जहां एक महिला की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी. Police ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी और आरोपी को टिवोली फार्म हाउस के पास से धर दबोचा.

Police के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मौहम्मद शफीक उर्फ जावेद (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूलरूप से फतेहपुर जिले के गाजीपुर कस्बे का रहने वाला है और वर्तमान में सर्फाबाद, सेक्टर-73 में किराए के मकान में रह रहा था.

Police पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, वह चौंकाने वाला है. आरोपी ने बताया कि उसके मृतका के बेटे के साथ समलैंगिक संबंध थे, जिसे मृतका बिल्कुल पसंद नहीं करती थी. इसी कारण वह दोनों के मिलने-जुलने का विरोध करती थी. आरोपी ने मृतका के बेटे से संपर्क बनाए रखने के लिए एक योजना बनाई थी, जिसके तहत वह अपनी मौसी की बेटी की शादी मृतका के बेटे से कराना चाहता था.

हालांकि, मृतका फूलजहां इस प्रस्ताव के लिए बार-बार मना कर रही थी. घटना वाले दिन यानी 15 अप्रैल को भी आरोपी इसी विषय पर बातचीत करने मृतका के घर गया था, लेकिन जब मृतका ने एक बार फिर शादी से इनकार कर दिया तो आरोपी आक्रोश में आ गया.

गुस्से में उसने चाकू निकालकर मृतका पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था. Police ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध चाकू और मृतका का टूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. Police अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पीकेटी/डीकेपी