नोएडा : चौथी मंजिल पर लगी आग में फंसे बुजुर्ग दंपति, पुलिस और फायर टीम ने सुरक्षित बचाया

नोएडा, 12 जून . नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के ओवरसीज अपार्टमेंट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अपार्टमेंट की चौथी मंजिल स्थित एक फ्लैट में अचानक आग लग गई. आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय Police और फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और साहसिक अभियान चलाकर फ्लैट में फंसे बुजुर्ग दंपति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

जानकारी के अनुसार, Police को सूचना मिली थी कि ओवरसीज अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में आग लग गई है और वहां तीन लोगों के फंसे होने की आशंका है. सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-49 Police और अग्निशमन विभाग की टीम बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंची.

मौके पर जांच के दौरान पता चला कि फ्लैट के अंदर लगभग 86 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी 83 वर्षीय पत्नी मौजूद थे. अधिक उम्र होने के कारण, दोनों चलने-फिरने में असमर्थ थे और फ्लैट के अंदर धुएं के बीच फंस गए थे. स्थिति बेहद गंभीर थी क्योंकि फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था और पूरे घर में घना धुआं भर चुका था.

ऐसे में फायर सर्विस और Police टीम ने तत्परता दिखाते हुए हाइड्रोलिक मशीन और अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद से फ्लैट का दरवाजा काटा. इसके बाद जवानों ने धुएं से भरे फ्लैट में प्रवेश किया और दोनों बुजुर्गों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. रेस्क्यू के बाद Police ने तत्काल दोनों बुजुर्गों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद बताया गया कि दोनों की हालत सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं.

वहीं, फायर कर्मियों ने समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे किसी बड़े हादसे को टाला जा सका. घटना के बाद अपार्टमेंट परिसर में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा, लेकिन प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई. Police अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.

पीकेटी/एसके