एनआईए ने राम मंदिर पर हमले की साजिश के आरोप में सहारनपुर के युवक को किया गिरफ्तार

सहारनपुर, 25 जून . राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने अयोध्या राम मंदिर पर हमले की साजिश के आरोप में सहारनपुर के एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी की गिरफ्तारी कर्नाटक के दावणगेरे क्षेत्र से हुई है.

जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी पर लंबे समय से नजर थी और उसके कुछ संदिग्ध संगठनों व व्यक्तियों से संपर्क होने की जानकारी सामने आई थी. एनआईए ने उत्तर प्रदेश एटीएस के साथ संयुक्त रूप से अभियान चलाते हुए उसे गिरफ्तार किया.

बताया जा रहा है कि मोहम्मद सुहैल कर्नाटक के दावणगेरे क्षेत्र में अपनी पहचान छिपाकर पेंटर का काम कर रहा था. जांच के दौरान एजेंसियों को उसके पास से और डिजिटल उपकरणों से कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. सूत्रों के अनुसार सुहैल की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें वह हथियारों के साथ दिखाई दे रहा है. इन तस्वीरों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है.

प्रारंभिक जांच में आरोपी के कथित Pakistan कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि उसके संपर्क किन लोगों से थे और क्या वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था. बताया जा रहा है कि वह कई संदिग्ध ऑनलाइन ग्रुप्स और social media प्लेटफॉर्म से भी जुड़ा हुआ था.

जानकारी के अनुसार, एनआईए को मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई. जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी अयोध्या के राम मंदिर को निशाना बनाने की योजना से जुड़ा हो सकता है. हालांकि मामले में अभी विस्तृत जांच जारी है और एजेंसियां विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं.

उधर, उत्तर प्रदेश में भी सुहैल के संपर्कों और गतिविधियों की जांच शुरू कर दी गई है. सुरक्षा एजेंसियां उसके सहारनपुर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में संभावित नेटवर्क, सहयोगियों और वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटाने में लगी हैं. अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे षड्यंत्र की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.

डीसीएच/