
ब्यूनस आयर्स, 9 मई . दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी का मानना है कि ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार अभी भी इस खेल के श्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं. मेसी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ब्राजील का यह फॉरवर्ड अगले महीने होने वाले फीफा विश्व कप में खेलेगा.
शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार मेसी ने लो डेल पोलो शो में कहा, “हम चाहते हैं कि विश्व कप में सबसे अच्छे खिलाड़ी हों और नेमार, चाहे उनका फॉर्म कैसा भी हो, हमेशा उनमें से एक रहेंगे.”
उन्होंने कहा, “ब्राजील और फुटबॉल के लिए उनके बहुत मायने हैं, इसलिए उन्हें विश्व कप में देखना बहुत अच्छा होगा. मुझे उम्मीद है कि वह वहां होंगे, लेकिन मैं किसी चीज को लेकर निष्पक्ष नहीं रह सकता, क्योंकि उन्हें हमेशा वहां रहना होता है.”
मेसी ने माना कि उनकी दोस्ती की वजह से उनके लिए निष्पक्ष रहना मुश्किल हो गया.
उन्होंने कहा, “मैं किसी चीज को लेकर निष्पक्ष नहीं रह सकता. नेमार एक दोस्त है. जाहिर है, मैं चाहूंगा कि वह विश्व कप में हो, उसके साथ अच्छी चीजें हों क्योंकि वह जैसा इंसान है, उसके लिए वह इसके लायक है. और मुझे उम्मीद है कि वह वहां हो सके.”
मेसी ने आगे कहा, “उसमें एक बहुत ही खास करिश्मा है. वह दिखावा नहीं करता. वह अपनी जिंदगी वैसे ही जीता है, जैसा वह महसूस करता है, बिना नतीजों की चिंता किए. वह खुश है, और वह बहुत नैचुरल है.”
आठ बार के बैलन डी’ओर विनर ने कहा कि अर्जेंटीना के लिए 2022 वर्ल्ड कप टाइटल बचाना मुश्किल काम होगा. उन्होंने स्पेन, फ्रांस और ब्राजील को लीडिंग कंटेंडर बताया.
मेसी ने कहा, “हम जानते हैं कि विश्व कप हमेशा एक मुश्किल मामला होता है क्योंकि इसमें शामिल टीमें मजबूत होती हैं. हमें उम्मीद रखनी होगी, जैसे हर अर्जेंटीनाई हमेशा करता है जब भी कोई आधिकारिक प्रतियोगिता होती है, चाहे वह कोपा अमेरिका हो या विश्व कप — लेकिन हमें यह भी मानना होगा कि हमसे आगे दूसरी फेवरेट टीमें हैं जो बेहतर हैं.”
नेमार और मेसी 2013 से 2017 तक बार्सिलोना में साथ खेले और 2021 से 2023 तक पेरिस सेंट-जर्मेन में साथ रहे.
बचपन के क्लब सैंटोस में लौटने के बाद से नेमार लगातार चोट की समस्या से परेशान रहे हैं. वह इस साल सिर्फ 12 मैच खेल पाए हैं. उन्होंने 2025 में 28 मैच खेले थे.
ब्राजील के अब तक के सबसे ज्यादा गोल करने वाले नेमार अक्टूबर 2023 से अपने देश के लिए नहीं खेले हैं. वह उरुग्वे के खिलाफ वर्ल्ड कप क्वालीफायर के दौरान एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट में चोट लगने के बाद से टीम से बाहर हैं.
–
पीएके
Skip to content