नेमार: फिटनेस से जुड़ी समस्याओं के बावजूद फीफा विश्व कप में ब्राजील की सबसे बड़ी उम्मीद

New Delhi, 23 मई . नेमार का नाम मौजूदा समय के सर्वाधिक लोकप्रिय, क्षमतावान, बेहतरीन और धनी फुटबॉलर के रूप में शुमार है. इंजरी की वजह से लंबे समय से ब्राजील की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम से बाहर चल रहे इस दिग्गज खिलाड़ी को फीफा विश्व कप 2026 के लिए ब्राजील की टीम में चुना गया है. नेमार का यह चौथा विश्व कप होगा. देखना दिलचस्प होगा कि 34 साल के नेमार क्या 2002 के बाद एक बार फिर से ब्राजील को फुटबॉल का विश्व चैंपियन बना पाते हैं या नहीं.

नेमार ने महज 18 साल की उम्र में ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के लिए 2010 में डेब्यू किया था. डेब्यू के बाद से उनके खेल का ग्राफ लगातार बढ़ा और जल्द ही वह न सिर्फ ब्राजील, बल्कि दुनिया के बेहतरीन और प्रमुख खिलाड़ियों में शुमार हो गए. उनकी तुलना लियोनल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो से होने लगी. नेमार खेल भी वैसे ही रहे थे. 2016 में ब्राजील को उन्होंने पहली बार ओलंपिक में स्वर्ण पदक दिलवाया. ब्राजील के लिए 2014, 2018 और 2022 फीफा विश्व कप खेले. वह ब्राजील के लिए सर्वाधिक गोल करने वाले और दूसरे सर्वाधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं. नेमार ने 128 मैचों में 79 गोल किए हैं.

पेशेवर करियर की बात करें तो नेमार 2013 से 2017 तक बार्सिलोना का हिस्सा रहे. 2017 में वह फुटबॉल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी के रूप में पेरिस सेंट-जर्मेन का हिस्सा बने. 2023 तक पेरिस सेंट-जर्मेन का हिस्सा रहे नेमार 2023 से 2025 तक अल हिलाल का हिस्सा रहे, हालांकि इस दौरान महज 3 मैच खेल सके. 2025 से वह ब्राजील के सैंटोस क्लब का हिस्सा हैं.

2018 से नेमार का करियर इंजरी की वजह से बुरी तरह प्रभावित रहा है. अक्टूबर 2023 के बाद से वह ब्राजील के लिए कोई मैच नहीं खेल पाए हैं. फिटनेस की वजह से फीफा विश्व कप 2026 के लिए उन्हें ब्राजील की टीम में जगह मिलेगी या नहीं, इस बात को लेकर संदेह था. हालांकि, उन्हें ब्राजील की टीम में जगह मिल गई है और वह अपना चौथा विश्व कप खेलने को तैयार हैं.

नेमार की मुश्किल यह है कि टीम घोषित होने के बाद वह फिर चोटिल हो गए. ब्राजील टीम के लिए नेमार का फिट होना बेहद जरूरी है. नेमार एक आक्रामक मिडफील्डर या फॉरवर्ड के रूप में खेलते हैं और अपनी ड्रिबलिंग, तकनीकी क्षमता, प्लेमेकिंग और फिनिशिंग के लिए मशहूर हैं. अपने रंग में होने पर विपक्षी टीम के रक्षातंत्र को भेदते हुए गोल करने की क्षमता उन्हें खास बनाती है. विश्व कप में उनकी इसी क्षमता पर न सिर्फ ब्राजील बल्कि पूरी दुनिया के फैंस की नजर रहेगी.

इंजरी से जूझ रहे नेमार का यह संभवत: आखिरी विश्व कप हो सकता है, इसलिए इस अवसर को वे अपने और अपने देश के लिए यादगार बनाना चाहेंगे. बता दें कि सर्वाधिक 5 बार विश्व कप जीतने वाली ब्राजील ने आखिरी बार 2002 में खिताब जीता था.

पीएके