नमो भारत ने पार किया 3 करोड़ कम्यूटर ट्रिप्स का आंकड़ा, एनसीआर में बना भरोसेमंद परिवहन विकल्प

गाजियाबाद, 5 मई . दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो India कॉरिडोर ने क्षेत्रीय परिवहन के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 3 करोड़ कम्यूटर ट्रिप्स का आंकड़ा पार कर लिया है. कॉरिडोर के संपूर्ण खंड के परिचालन शुरू होने के कुछ ही महीनों के भीतर यह उपलब्धि हासिल होना इसकी बढ़ती लोकप्रियता और यात्रियों के भरोसे को दर्शाता है.

पिछले दो वर्षों में नमो India ने तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान कर एनसीआर के लाखों यात्रियों को आकर्षित किया है. 22 फरवरी को Prime Minister द्वारा मेरठ मेट्रो के साथ पूरे कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किए जाने के बाद से राइडरशिप में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है. वर्तमान में सामान्य दिनों में लगभग 90 हजार से 1.14 लाख यात्री प्रतिदिन इस सेवा का उपयोग कर रहे हैं, जबकि Sunday को यह संख्या करीब 85 हजार रहती है.

नमो India सेवा की शुरुआत 21 अक्टूबर 2023 को साहिबाबाद से दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिक खंड से हुई थी. शुरुआती दौर में ही यात्रियों का अच्छा रुझान देखने को मिला. इसके बाद मार्च 2024 में मोदीनगर नॉर्थ और अगस्त 2024 में मेरठ साउथ तक विस्तार किया गया, जिससे परिचालित नेटवर्क 42 किलोमीटर तक पहुंच गया. दिसंबर 2024 तक मासिक राइडरशिप लगभग 7 लाख तक पहुंच गई थी.

जनवरी 2025 में न्यू अशोक नगर से साहिबाबाद के बीच 13 किलोमीटर लंबे दिल्ली खंड के जुड़ने से यात्रियों की संख्या में बड़ा उछाल आया. आनंद विहार जैसे मल्टी-मॉडल हब के विकसित होने से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए कनेक्टिविटी आसान हुई. मई 2025 में 1 करोड़ ट्रिप्स का आंकड़ा पार करने के बाद जुलाई तक मासिक राइडरशिप 15 लाख तक पहुंच गई. दिसंबर 2025 में 2 करोड़ ट्रिप्स का माइलस्टोन हासिल करने के बाद फरवरी 2026 में पूरे 82 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर के संचालन के साथ रफ्तार और तेज हो गई.

मार्च 2026 में ही मासिक राइडरशिप 27 लाख तक पहुंच गई और कुछ ही महीनों में 3 करोड़ ट्रिप्स का आंकड़ा पार हो गया. नमो India की सफलता का सबसे बड़ा कारण समय की बचत है. दिल्ली से मेरठ के बीच यात्रा, जो पहले सड़क मार्ग से लगभग तीन घंटे में पूरी होती थी, अब करीब एक घंटे में पूरी हो रही है. इसके साथ ही क्यूआर आधारित टिकटिंग, रीयल-टाइम ट्रैकिंग और विभिन्न परिवहन सेवाओं के साथ एकीकरण ने यात्रा को और भी सुगम बना दिया है.

सुरक्षा के लिहाज से भी नमो India अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है. cctv निगरानी, महिलाओं के लिए आरक्षित कोच, एसओएस बटन और बेहतर स्टेशन सुविधाएं इसे सुरक्षित और भरोसेमंद बनाती हैं. 99 प्रतिशत समयबद्धता के साथ यह सेवा हर मौसम और भीड़भाड़ के समय में भी यात्रियों को समय पर गंतव्य तक पहुंचा रही है.

पीकेटी/डीकेपी