वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन में 5,500 से अधिक रजिस्ट्रेशन, उदयपुर बन रहा नया मैराथन डेस्टिनेशन

21.097 किमी, 10 किमी और 5 किमी श्रेणियों में 6 सितंबर को होगी मैराथन, देश-विदेश से धावकों के शामिल होने की उम्मीद

उदयपुर । वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन 2026 के आयोजन में अब सिर्फ एक महीना शेष है और इसके लिए अब तक 5,500 से अधिक धावक Registration करा चुके हैं। 6 सितंबर को आयोजित होने वाली यह मैराथन अपने तीसरे संस्करण में और भी बड़े स्तर पर आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य पेशेवर खिलाड़ियों, नए धावकों, परिवारों, विद्यार्थियों और कॉर्पोरेट टीमों को ‘One Run, One Community’ के संदेश के साथ एक मंच पर लाना है।

हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड द्वारा एनीबडी कैन रन के सहयोग से आयोजित इस मैराथन को AIMS से प्रमाणित किया गया है तथा यह World Athletics से संबद्ध है। फतेहसागर झील, अरावली की पहाड़ियों और उदयपुर के ऐतिहासिक स्थलों से होकर गुजरने वाली यह मैराथन तेजी से देश और विदेश के धावकों के बीच लोकप्रिय हो रही है। यह आयोजन केवल खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि Run for Zero Hunger अभियान के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को भी बढ़ावा देता है।

इस वर्ष अब तक 21.097 किमी हाफ मैराथन के लिए 800 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि 10 किमी Cool Run के लिए 1,500 से अधिक और 5 किमी Dream Run के लिए 3,200 से अधिक लोगों ने नाम दर्ज कराया है। पिछले वर्ष इस आयोजन में 27 राज्यों और कई देशों से लगभग 7 हजार से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया था। इस साल और अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों के जुड़ने की उम्मीद है, जिससे उदयपुर की पहचान देश के प्रमुख Running Destination के रूप में और मजबूत होगी।

उदयपुर की धावक अश्मिका शर्मा ने कहा कि, “मैं वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन के पिछले दो संस्करणों में भाग ले चुकी हूं। उदयपुर की झीलों, ऐतिहासिक स्थलों और अरावली की खूबसूरत वादियों के बीच दौड़ने का अनुभव बेहद खास होता है। इस वर्ष मैं 21 किमी हाफ मैराथन में हिस्सा लेने को लेकर उत्साहित हूं। मेरे लिए यह केवल दौड़ नहीं, बल्कि जिंक सिटी की खूबसूरती, ऊर्जा और सामुदायिक भावना का उत्सव है।”

मैराथन का आयोजन फील्ड क्लब, उदयपुर से शुरू होगा। 21.097 किमी का मार्ग फतेहसागर पाल, रोटरी सर्कल, सनसेट पॉइंट पार्क, नेहरू गार्डन और सहेलियों की बाड़ी जैसे प्रमुख स्थलों से होकर गुजरेगा। 10 किमी और 5 किमी की दौड़ के मार्ग भी सभी आयु वर्ग और फिटनेस स्तर के प्रतिभागियों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। सितंबर के सुहावने मौसम और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ यह आयोजन प्रतिभागियों को यादगार अनुभव देगा।

अमेरिका की धाविका अमांडा डैस्कोलियस ने कहा कि, “मैं अमेरिकी सेना में सार्जेंट रह चुकी हूं, यात्रा करना मुझे बहुत पसंद है और मैं तीन बच्चों की मां हूं। मेरे लिए दौड़ हमेशा अनुशासन और दृढ़ता का प्रतीक रही है। वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद उत्साहजनक है। उदयपुर को इस खास अंदाज में देखने और महसूस करने का अवसर मिलना मेरे लिए यादगार अनुभव होगा। झीलों, अरावली पर्वतमाला और शहर की समृद्ध विरासत से होकर गुजरने वाला यह रूट इस मैराथन को और भी खास बनाता है। मैं भारत की सबसे खूबसूरत मैराथन का अनुभव लेने और देश-दुनिया से आने वाले धावकों के साथ दौड़ने के लिए उत्सुक हूं।”

फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ-साथ यह मैराथन उदयपुर के पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को भी नई ऊर्जा प्रदान कर रही है। इससे स्थानीय होटल, रेस्तरां, परिवहन सेवाओं और व्यापारिक गतिविधियों को लाभ मिलने की संभावना है। पिछले दो वर्षों में यह आयोजन उदयपुर को Sports Tourism और अनुभव आधारित आयोजनों के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुका है।

वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन के लिए पंजीकरण अभी खुले हैं। इच्छुक प्रतिभागी उदयपुर मैराथन और हिंदुस्तान जिंक के आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण सभी श्रेणियों के स्लॉट भरने तक जारी रहेंगे।