मैथ्यू मॉट बने सिडनी सिक्सर्स पुरुष टीम के हेड कोच, जेम्स होप्स की लेंगे जगह

New Delhi, 22 जुलाई . बिग बैश लीग (बीबीएल) की टीम सिडनी सिक्सर्स ने मैथ्यू मॉट को पुरुष टीम का अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है. मॉट को दो साल के लिए साइन किया गया है और वह जेम्स होप्स की जगह लेंगे.

होप्स को ग्रेग शिपरड के जाने के बाद नियुक्त किया गया था, लेकिन पिछले महीने उन्होंने क्वींसलैंड और ब्रिस्बेन हीट के साथ दोहरी कोचिंग की भूमिका निभाने के लिए यह पद छोड़ दिया था. 52 वर्षीय मैथ्यू मॉट पिछले दो सीजन तक टीम के सहायक कोच रहे थे. पिछली गर्मियों में उन्होंने सिक्सर्स की महिला टीम की भी जिम्मेदारी संभाली और अपनी कोचिंग में टीम को महिला बिग बैश लीग के चैलेंजर मुकाबले तक पहुंचाया. अब सिडनी सिक्सर्स इस सप्ताह के अंत तक महिला टीम के नए मुख्य कोच के नाम की घोषणा करेगा.

यह नियुक्ति मैथ्यू मॉट के लंबे और सफल कोचिंग करियर का नया पड़ाव है. 52 वर्षीय मॉट पिछले 20 साल से ज्यादा समय से क्रिकेट कोचिंग से जुड़े हैं. उन्होंने 2022 से 2024 तक इंग्लैंड की पुरुषों की सीमित ओवरों (व्हाइट-बॉल) टीम के मुख्य कोच के रूप में काम किया. उनकी कोचिंग में जोस बटलर की कप्तानी वाली इंग्लैंड टीम ने 2022 का टी20 विश्व कप जीता. इससे पहले, मॉट 2015 से 2022 तक ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम के मुख्य कोच रहे. उनके कार्यकाल में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन किया. टीम ने दो टी20 विश्व कप, 2022 का वनडे विश्व कप और चार एशेज सीरीज अपने नाम कीं. इसके अलावा, उनकी कोचिंग में ऑस्ट्रेलिया ने लगातार 26 वनडे मैच जीतकर विश्व रिकॉर्ड भी बनाया.

मॉट ने कहा कि उन्हें सिडनी सिक्सर्स के साथ अपने लंबे जुड़ाव को एक नई भूमिका में जारी रखने में खुशी है. उन्होंने कहा, “मैं लंबे समय से सिक्सर्स परिवार का हिस्सा रहा हूं, इसलिए बिग बैश लीग में हेड कोच की भूमिका संभालने का मौका मिलना मेरे लिए बहुत उत्साह की बात है. यह एक ऐसा क्लब है जिसका इतिहास शानदार रहा है और यहां जीतने का कल्चर है. मैं उन बुनियादों को और मजबूत करने के लिए उत्सुक हूं जो कई सीजन में तैयार की गई हैं. पुरुषों की टीम के साथ करीब से काम करने के कारण, मैंने इस खिलाड़ियों के ग्रुप में मौजूद टैलेंट और क्षमता को खुद देखा है.”

मैथ्यू मॉट ने कहा, “मुझे इस बात का अफसोस है कि मैं महिला बिग बैश लीग में टीम के मुख्य कोच के रूप में आगे काम नहीं कर पाऊंगा. हालांकि, महिला टीम के साथ बिताया गया समय मेरे लिए बेहद खास रहा. मैं कप्तान एश्ले गार्डनर, सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को महिला बिग बैश लीग के 12वें सीजन के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं.”

एसएम/पीएम