
New Delhi, 28 मई . फीफा विश्व कप 2026 की शुरुआत 11 जून से हो रही है. 2018 की विजेता और 2022 में अर्जेंटीना से फाइनल में हार का सामना करने वाली फ्रांस एक बार फिर से खिताब की दावेदार है. इसकी वजह स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे हैं, जिन्होंने पिछले 2 विश्व कप में यादगार प्रदर्शन किया है और फिलहाल अपने करियर की ऊंचाई पर हैं.
27 साल के किलियन एम्बाप्पे को मौजूदा समय में दुनिया का बेहतरीन स्ट्राइकर माना जाता है. एम्बाप्पे को मेस्सी और रोनाल्डो के बाद फुटबॉल की दुनिया का अगला सबसे बड़ा सुपरस्टार भी माना जाता है. इसकी वजह उनका करिश्माई खेल है, जिसकी बदौलत उन्होंने अंतरराष्ट्रीय और क्लब फुटबॉल में बड़ा नाम बनाया है. एम्बाप्पे को उनकी गति, ड्रिबलिंग और सटीक फिनिशिंग के लिए जाना जाता है. विपक्षी टीम को चिरते हुए गेंद को पूरी गति के साथ आगे लेकर बढ़ने और उसे गोल पोस्ट में डालने की क्षमता किलियन को दूसरे खिलाड़ियों से अलग करती है. इसकी बानगी पूरी दुनिया ने पिछले विश्व कप के फाइनल में देखा था.
2018 में क्रोएशिया को फाइनल में हराकर फ्रांस को फुटबॉल की दुनिया का चैंपियन बनाने में एम्बाप्पे की बड़ी भूमिका रही थी. एम्बाप्पे ने फ्रांस के 4 में से 1 गोल मारा था. 2022 में फ्रांस का फाइनल में अर्जेंटीना के साथ मुकाबला था. एम्बाप्पे ने लगभग अकेले दम फ्रांस को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया था, लेकिन मेसी के जादू की वजह से अर्जेंटीना जीती और फ्रांस को हार का सामना करना पड़ा. निर्धारित समय में मैच 3-3 से बराबर रहा था. फ्रांस की तरफ से सभी तीनों गोल एम्बाप्पे ने किए थे.
फ्रांस 2 बार विश्व कप जीत चुकी है. पहली बार फ्रांस ने 1998 में अपने घर में ब्राजील को हराकर खिताब जीता था. इसके बाद 2022 में रूस में क्रोएशिया को हराकर फ्रांस ने अपना दूसरा खिताब जीता था.
अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में आयोजित हो रहे फीफा विश्व कप 2026 में एम्बाप्पे फ्रांस के लिए सबसे बड़ी उम्मीद हैं. वह पहले से ज्यादा अनुभव और तैयारी के साथ उतर रहे हैं. अगर वह अपनी प्रतिष्ठा के अनुरूप खेल गए और साथी खिलाड़ियों का उन्हें सहयोग मिला तो फ्रांस एक बार फिर फुटबॉल की दुनिया का सबसे बड़ा खिताब अपने नाम कर सकता है.
एम्बाप्पे के करियर पर गौर करें तो 2017 में 18 साल की उम्र में फ्रांस के लिए डेब्यू करने वाले इस खिलाड़ी ने अब तक 96 मैचों में 56 गोल किए हैं. फ्रांस की तरफ से सर्वाधिक गोल करने के मामले में एम्बाप्पे दूसरे नंबर पर हैं. पूरी संभावना है कि विश्व कप में वह फ्रांस की तरफ से सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे. फिलहाल एक नंबर पर पूर्व कप्तान ओलिवियर गिरौड हैं. ओलिवियर ने 137 मैचों में 57 गोल किए हैं.
–
पीएके
Skip to content